नागल के लाखनौर में हुए हत्याकांड का खुलासा करते एसएसपी एस चिनप्पा
- फोटो : SAHARANPUR
नागल (सहारनपुर)। पुलिस ने लाखनौर के किसान दिगंबर सिंह की खेत में हुई हत्या का खुलासा कर दिया है। दिगंबर सिंह की हत्या ब्याज के रुपयों के तकादे को लेकर हुई थी। पुलिस ने हत्यारोपी को गिरफ्तार करते हुए उसके कब्जे से मृतक का मोबाइल, हत्या में इस्तेमाल चाकू और डंडे को भी बरामद करने का दावा किया है। आरोपी को जेल भेज दिया गया।
बता दें कि नागल थाने के गांव लखनौर में गत मंगलवार को दिनदहाडे़ किसान दिगंबर सिंह की हत्या उसके नलकूप पर चाकू से ताबड़तोड़ वार करके कर दी गई थी। उसका शव वहां पड़ी चारपाई पर मिला था। घटना के बाद एसएसपी एस चनप्पा ने भी घटनास्थल का दौरा कर सर्विलांस टीम एवं नागल पुलिस को हत्याकांड का जल्द खुलासा करने के निर्देश दिए थे। एसएसपी एस चनप्पा ने पत्रकारों से बातचीत में बताया कि शुक्रवार सुबह 9 बजे पुलिस ने हत्यारोपी अरुण कुमार पुत्र विनोद कुमार निवासी गांव वाजिदपुर थाना नागल को जनकपुरी चौक सहारनपुर से गिरफ्तार किया है। हत्यारोपी ने पूछताछ में पुलिस को बताया की दिगंबर सिंह ब्याज पर रुपये देने का काम करता था। उसने भी वर्ष 2019 में उससे दो हजार रुपये ब्याज पर लिए थे। इसके एवज में उसने 8500 रुपये वापस कर दिए थे, लेकिन वह बार-बार फोन कर उससे और पैसे मांग कर प्रताड़ित कर रहा था। इससे वह तनाव में आ गया था और उसने उसकी हत्या की योजना बना डाली। पुलिस के अनुसार घटना वाले दिन हत्यारोपी ने नलकूप पर पहुंच दिगंबर की सोते वक्त पहले डंडे बरसा और फिर चाकू से ताबड़तोड़ वार करके हत्या कर दी थी। पुलिस ने हत्यारोपी की निशानदेही पर मृतक का मोबाइल, हत्या में प्रयुक्त किया गया चाकू और डंडा बरामद करते हुए उसे जेल भेज दिया। खुलासा करने वाली टीम में एसओ जितेंद्र कुमार, एसआई मुकेश, कांस्टेबल संदीप, सचिन, विनीत और विपिन शामिल रहे।