कांवड़ मार्ग का निरीक्षण करते डीआईजी सुधीर कुमार
- फोटो : SAHARANPUR
डीआईजी ने कांवड़ यात्रा मार्ग का निरीक्षण किया
सहारनपुर, गागलहेड़ी। सावन में शुरू होने वाली कांवड़ यात्रा के लिए निर्धारित मार्ग का डीआईजी ने निरीक्षण कर अधीनस्थों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
शुक्रवार शाम को गागलहेड़ी कस्बे में पहुंचे डीआईजी सुधीर कुमार ने कांवड़ यात्रा मार्ग भगवानपुर रोड का निरीक्षण किया। उन्होंने कस्बे में सड़क किनारे फैले अतिक्रमण को हटाने, सड़क किनारे लगने वाले शिविरों को सड़क से दूरी पर लगाने के निर्देश दिए। इसके बाद डीआईजी ने यूपी उत्तराखंड बार्डर पर स्थित काली नदी पुलिस चैक पोस्ट का निरीक्षण किया तथा बार्डर पर विशेष सतर्कता बरतने के साथ ही संदिग्ध लोगों पर नजर रखने के लिए चौकी पर सीसीटीवी कैमरों को दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
डीआईजी सुधीर कुमार ने यूपी उत्तराखंड सीमा से लगने वाले गांवों में कांवड़ यात्रा के दौरान नशीले पदार्थों की रोकथाम के लिए विशेष हिदायत दी। कहा कि जिन चोर रास्तों से तस्करी होती है उन पर विशेष नजर रखी जाए। उन्होंने उत्तराखंड से सीधे यूपी में प्रवेश करने पर कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए पूरे कांवड़ यात्रा मार्ग पर ड्रोन से निगरानी करने के निर्देश दिए।
इस दौरान एसपी सिटी राजेश कुमार, सीओ सदर नीरज कुमार सिंह, थाना प्रभारी सूबे सिंह, कस्बा चौकी इंचार्ज राहुल देशवाल, काली नदी चौकी इंचार्ज, कृष्ण कुमार सागवान मौजूद रहे।