पत्रकारों से बात करते चौ नरेश टिकैत
- फोटो : SAHARANPUR
अंबेहटा (सहारनपुर)। भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत ने कहा कि भाजपा सरकार किसान विरोधी है, सरकार की करनी और कथनी में अंतर है। यही कारण है कि सात माह से आंदोलनरत किसानों की बात सुनने के लिए सरकार तैयार नहीं है।
बृहस्पतिवार को नल्हेड़ा गांव में भाकियू के मंडल उपाध्यक्ष चौधरी सुरेंद्र सिंह की मां के निधन पर हुई शोकसभा में शामिल होने पहुंचे चौधरी नरेश टिकैत ने पत्रकारों से कहा कि सरकार ने जिद्दी रवैया बना रखा है। इसी कारण सात माह से आंदोलन कर रहे किसानों की सरकार नहीं सुन रही है, जो लोकतंत्र के लिए खतरा है। उन्होंने कहा कि डीजल-पेट्रोल के दाम आसमान छू रहे हैं, जबकि सरकार ने चार साल से गन्ना मूल्य में कोई वृद्धि नहीं की है। ऊपर से बिजली बकाया के नाम पर किसानों का उत्पीड़न किया जा रहा है जिस कारण किसान बर्बादी के कगार पर पहुंच गए हैं।
नरेश टिकैत ने कहा कि सरकार की गलत नीति के कारण युवा वर्ग खेती से भाग रहा है, जो कृषि प्रधान देश के लिए शुभ संकेत नहीं है। उन्होंने कहा कि किसान हितों के मुद्दे पर आज 400 किसान संगठन एक मंच पर है। उन्होंने कहा कि किसानों का मकसद प्रधानमंत्री का सिर झुकाना बिल्कुल नहीं, लेकिन किसानों के सम्मान की रक्षा होना हर हालत में जरूरी है। उन्होंने डीजल पर सब्सिडी देने की मांग करते हुए कहा कि किसानों से जुड़े सरकार में बैठे लोगों को किसानों के बीच भेजकर उनकी मांग को पूरी की जानी चाहिए। इस दौरान भाकियू के मंडल अध्यक्ष भंवर सिंह गुर्जर, मंडल उपाध्यक्ष सुरेंद्र चौधरी, मीडिया प्रभारी रविंद्र राणा, जिला उपाध्यक्ष संजय चौधरी, नकुड़ तहसील महामंत्री नेत्रपाल सिंह आदि मौजूद रहे।