फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

यूरिया के लिए समितियों पर मची आपाधापी

विज्ञापन
बड़गांव समिति पर यूरिया खाद को लेकर मची मारामारी - फोटो : SAHARANPUR
विज्ञापन
सहारनपुर। जिले की कई सहकारी समितियों पर यूरिया की किल्लत के कारण बृहस्पतिवार को यूरिया लेने के लिए आपाधापी मची रही। सुबह से ही किसानों की भीड़ समितियों पर पहुंची और लंबी लाइन लग गई। हालांकि बुधवार ही जिले में 1500 टन यूरिया की एक रैक पहुंची है। शुक्रवार को 3100 टन की दूसरी रैक और पहुंचने की उम्मीद है।
विज्ञापन

जनपद में खरीफ सीजन के लिए सितंबर तक 65 हजार टन यूरिया का लक्ष्य रखा गया है। इसमें अभी तक 30 हजार टन यूरिया की आपूर्ति हुई है, साथ ही बफर स्टॉक में भी 1500 टन यूरिया रखा है। बारिश होने के बाद किसानों को फसलों में डालने के लिए यूरिया सहित अन्य उर्वरकों की आवश्यकता है, लेकिन जिले की कई सहकारी समितियों में यूरिया समाप्त होने से इसकी किल्लत हो गई। इसके चलते समितियों से जुडे़ किसानों को यूरिया के लिए इधर उधर भटकना पड़ रहा है। बुधवार को आई यूरिया की रैक से इन समितियों में प्राथमिकता के आधार पर यूरिया की सप्लाई की जा रही है। जिससे पहले लेने और यूरिया समाप्त न हो जाए इस डर से किसानों में होड़ लग गई।
यूरिया की कोई कमी नहीं
जिले की कई सहकारी समितियों पर यूरिया की कमी हो गई थी। बुधवार को यूरिया की 1500 टन की एक रैक आई थी। जिसे समितियों में भेजने की प्रक्रिया चल रही है। शुक्रवार को 3100 टन यूरिया की एक और रैक शुक्रवार को पहुंच जाएगी। यूूरिया की जनपद में कोई कमी नहीं है।
विज्ञापन

धीरज कुमार सिंह, जिला कृषि अधिकारी।
जिले में खरीफ सीजन में उर्वरकों की स्थिति
यूरिया का लक्ष्य ------- 65 हजार टन
अभी तक आपूर्ति ------ 30 हजार टन
यूरिया का बफर स्टॉक ----- 1500 टन
डीएपी का लक्ष्य --------- 24 हजार टन
डीएपी की आपूर्ति ----------- 8100 टन
डीएपी का बफर स्टॉक -------1200 टन
एनपीके का लक्ष्य --------- 12 हजार टन
एनपीके की आपूर्ति -------- 05 हजार टन
एनपीके का बफर स्टॉक ------ 1050 टन
(नोट: कृषि विभाग के आंकडों के अनुसार)
लाइन में दो घंटे तक खड़े रहना पड़ा
रामपुर मनिहारान। कृषक भारती सेवा केंद्र पर बृहस्पतिवार को यूरिया की गाड़ी आने की सूचना मिलते ही किसानों की भीड़ जुट गई। यहां प्रति किसान पांच बोरी यूरिया आधार कार्ड को देखने के बाद दिया गया। केंद्र पर यूरिया लेने पहुंचे किसान यशवेंद्र, राजबीर सिंह, वाकत अली, गय्यूर, सोनू, सतीश, मुकेश, शेर सिंह, सोनू पंवार आदि का कहना था कि दो घंटे से ज्यादा समय लाइन में लगकर उन्हें खाद मिला है। जितना खाद उन्हें मिला है वह केवल बीस बीघा जमीन में खड़ी फसल के लिए ही पर्याप्त हो सकेगा। केंद्र के विक्रय अधिकारी राजकुमार का कहना था कि अब तक खाद की कमी चल रही थी। आज दो गाड़ी आई है। आगामी तीन से चार दिन में किल्लत भी दूर हो जाएगी।
मशीन नहीं चलने से किसान लौटे खाली हाथ
बड़गांव। क्षेत्र की सहकारी समिति पर काफी समय बाद बृहस्पतिवार को यूरिया खाद से भरा एक ट्रक पहुंचा तो इसे लेने के लिए किसानों का जमावड़ा लग गया। दोपहर तक सैकड़ों की संख्या में किसान यहां जमा हो गए। लेकिन ईपॉश मशीन के नहीं चल पाने से किसानों को लौटना पड़ा। समिति पर पहुंचे किसान ओमकार सिंह, सुभाष सिंह, साधू सिंह, बलराम सिंह, कुलदीप आदि ने बताया कि यूरिया नहीं मिलने के कारण उनकी फसलें प्रभावित हो रही हैं। उधर, सहकारी समिति के विरेन्द्र सिंह ने बताया कि समिति पर साढ़े सात हजार किसान पंजीकृत हैं। 60 प्रतिशत से ज्यादा किसानों को लॉकडाउन से पहले यूरिया उपलब्ध कराया जा चुका है। आज मशीन नहीं चल पाने से वितरण नहीं हो सका है। एक गाड़ी रात तक ओर आ जाएगी। ऐसे में कल प्रति किसान चार बोरी का वितरण करा दिया जाएगा।

रामपुर मनिहारान में यूरिया खाद लेने के लिए लगी किसानों की लाईन- फोटो : SAHARANPUR

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें