बड़गांव (सहारनपुर)। क्षेत्र में बायोडीजल पंप के नाम पर फर्जीवाड़ा हो रहा है। डीजल और पेट्रोल अवैध रूप सेे बेचा जा रहा है। पंप संचालक का दावा है कि अनुमति ली हुई है, जबकि पूर्ति विभाग के अधिकारी कहते हैं कि जिले में बायोडीजल पंप का लाइसेंस नहीं है। जाहिर है बायोडीजल पंप के नाम पर बड़ा खेल चल रहा है।
मुजफ्फरनगर में बायोडीजल पंप पर हादसे में एक व्यक्ति की मौत के बाद सहारनपुर में इसको लेकर अमर उजाला टीम ने पड़ताल की। बड़गांव क्षेत्र में गांव बहेड़ा तिराहे पर ऐसा ही बायोडीजल पंप संचालित है। वहां डीजल के साथ ही पेट्रोल भी बेचा जा रहा है। क्षेत्रीय लोगों का आरोप है कि इस तरह के पंप से बिकने वाले डीजल से वाहनों के इंजन भी खराब हो रहे हैं। पूर्ति विभाग के अधिकारी अनजान बने हुए हैं और कार्रवाई नहीं कर रहे हैं।
पूर्व में दर्ज हो चुकी है दो के खिलाफ रिपोर्ट
बड़गांव क्षेत्र में गांव नन्हेड़ा व सिरसली कला में दो ऐसे ही अवैध बायोडीजल पंप संचालित थे, जिन पर बायोडीजल के साथ-साथ मशीन लगाकर अवैध तरीके से पेट्रोल भी बेचा जा रहा था। ग्रामीणों की शिकायत के बाद आपूर्ति विभाग ने दोनों पंप सील कर दिए थे। पंप संचालकों के खिलाफ बड़गांव थाने में आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत रिपोर्ट भी दर्ज कराई गई थी।
घटिया डीजल की है सप्लाई
ग्राम प्रधान संजू राणा, शमशेर सिंह, भोपाल सिंह, मदन सिंह ,सोनू, भीम सूरज आदि बताते हैं कि अन्य तेल कंपनियों की तुलना में बायोडीजल उतना कारगर साबित नहीं होता, जितने दावे किए जाते हैं। आरोप है कि घटिया डीजल बेचा जा रहा है। डीजल के साथ ही पेट्रोल भी बेच रहे हैं।
पंप संचालक अशोक कुमार का दावा है कि उनके पास सभी जरूरी कागजात उपलब्ध हैं। बायोडीजल सेंटर पर पेट्रोल बेचने की परमिशन ली गई है। मांगे जाने पर अनुमति दिखा दी जाएगी।
एसड़ीएम रामपुर मनिहारान देवेन्द्र कुमार पांडे का कहना है कि संबंधित विभाग से पूरे मामले की जांच कराई जाएगी। यदि किसी प्रकार का फर्जीवाड़ा या मिलावट पाई जाती है तो उचित कार्रवाई की जाएगी।
जिले में बायोडीजल पंप का लाइसेंस नहीं है। क्योंकि प्रदेश सरकार की तरफ से इसकी गाइडलाइन नहीं मिली है। यदि कोई व्यक्ति बायोडीजल के नाम पर अवैध रूप से पेट्रोल या डीजल बेच रहा है तो जांच कर उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। बीते छह महीने के दौरान जिले भर में पांच लोगों के खिलाफ अवैध रूप से डीजल और पेट्रोल बेचने के आरोप में रिपोर्ट भी दर्ज कराई जा चुकी है। - सतीश कुमार मिश्र, जिला पूर्ति अधिकारी
बड़गांव में डीजल पंप पर अवैध रुप से बेचने के लिए रखा गया पेट्रोल- फोटो : SAHARANPUR