अमर उजाला ब्यूरो
सहारनपुर। कांग्रेस सांसद इमरान मसूद और सहारनपुर देहात विधायक आशु मलिक के बीच राजनीतिक तल्खी दिशा (जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति) की बैठक में खुलकर सामने आ गई।
विधायक ने कहा कि जनता की समस्याओं को लेकर बैठक में आए हैं, यहां चाय पकौड़ी खाने नहीं आए। तभी सांसद ने कहा कि दूसरे जनप्रतिनिधियों को भी बोलने का मौका दिया जाए, चाय पकौड़ी कौन खिला रहा है।
विकास भवन के सभागार में सांसद इमरान मसूद की अध्यक्षता में दिशा की बैठक चल रही थी। इसमें जनप्रतिनिधियों के अलावा जिलाधिकारी समेत अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद थे। विधायक आशु मलिक ने बेहड़ा गांव में चार साल पहले पीएमजेएसवाई के तहत बनाई गई सड़क को लेकर सवाल उठाया। इसी को लेकर विधायक ने अधिकारी से सवाल-जवाब शुरू कर दिए, तभी सांसद इमरान मसूद ने कहा कि दूसरे जनप्रतिनिधियों को भी बोलने का मौका दिया जाए। इसी बात को लेकर दोनों के बीच नोकझोंक शुरू हो गई। सांसद ने कहा कि आप नियमों में रहिए। इस पर विधायक ने कहा कि सवाल हमारा है और हम जवाब से संतुष्ट नहीं है।
हालांकि बाद में सांसद ने संबंधित अधिकारी को निर्देश दिए कि माननीय विधायक को यह पूरी जानकारी एक सप्ताह में बिंदुवार उपलब्ध कराई जाए। सांसद और विधायक के बीच हुई नोकझोंक का वीडियो सोशल मीडिया पर भी खूब वायरल हो रहा है।
n पहले भी तनातनी आ चुकी है सामने : सांसद इमरान मसूद और विधायक आशु मलिक के बीच राजनीतिक मतभेद कोई नए नहीं है। पिछले कुछ समय से अलग-अलग मुद्दों पर एक-दूसरे के खिलाफ बयान देते रहे हैं। यहां तक कि सार्वजनिक मंच पर भी एक-दूसरे के खिलाफ बयान दे चुके हैं।