शाकंभरी। सिद्धपीठ श्री शाकंभरी देवी में आषाढ़ मास के शुक्ल पक्ष की पंचमी पर रविवार को काफी संख्या में श्रद्धालुओं ने मां भगवती के दरबार में पहुंचकर पूजा-अर्चना की तथा देश और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।
बता दें कि शनिवार दोपहर करीब तीन बजे शिवालिक क्षेत्र में हुई बारिश के बाद शाकंभरी नदी में अचानक तेज जलप्रवाह आने से सुरक्षा के दृष्टिगत पुलिस ने श्रद्धालुओं को भूरादेव से ही वापस लौटा दिया था। नदी का जलस्तर सामान्य होने के बाद रविवार को साप्ताहिक अवकाश होने के कारण सुबह से ही श्रद्धालुओं का मंदिर की ओर पहुंचना शुरू हो गया। सुरक्षा व्यवस्था के तहत पुलिस ने रंगीला होटल के पास चौपहिया और दोपहिया वाहनों को रोक दिया। इसके बाद श्रद्धालुओं ने लगभग डेढ़ किलोमीटर पैदल चलकर सिद्धपीठ पहुंचकर मां शाकंभरी देवी के दर्शन किए। इसके अलावा संकट मोचन हनुमान मंदिर, बगलामुखी, छिन्नमस्तका मंदिर, साकेश्वर महादेव मंदिर में भी श्रद्धालुओं ने पहुंचकर पुण्य लाभ कमाया।