शाकंभरी मंदिर में माता के दर्शनों को लगी श्रद्वालुओं की कतार
- फोटो : SAHARANPUR
शाकंभरी (सहारनपुर)। सिद्धपीठ शाकंभरी देवी में शारदीय नवरात्र के तीसरे दिन श्रद्धालुओं ने मां भगवती के दर्शन कर मत्था टेका और प्रसाद चढ़ाकर मन्नत मांगी। दिनभर माता रानी का भवन और सिद्ध पीठ क्षेत्र माता रानी के जयकारों से गूंजता रहा।
सोमवार को सिद्धपीठ में दूरदराज से आए भक्तों ने लाइन में लगकर मां भगवती के चरणों में शीश झुकाकर अपने परिवार, देश की सुख समृद्धि के लिए प्रार्थना की। सुबह से ही भक्तों का सिद्धपीठ में पहुंचना शुरू हो गया था। माता के बहुत से भक्त लेट लेटकर भूरा देव से शाकंभरी माता के मंदिर तक पहुंचे। इसके अलावा भूरा देव मंदिर के पास संकटमोचन पंचमुखी हनुमान मंदिर, सहंस्ररा ठाकुर मंदिर, रक्त दंतिका मंदिर पर भी भक्तों का तांता लगा है। मंदिर पहुंचने वाले सभी श्रद्धालुओं को थर्मल स्क्रीनिंग के बाद ही दर्शन के लिए आगे भेजा जा रहा है।