सहारनपुर में अवैध कालोनी ध्वस्त करती जेसीबी।
- फोटो : अमर उजाला
सहारनपुर में अवैध रूप से काटी जा रही कॉलोनियों पर मंगलवार को बड़ी कार्रवाई की गई। विकास प्राधिकरण की टीम ने नवादा रोड पर तीन अवैध कॉलोनियों को जेसीबी से ध्वस्त करा दिया। कॉलोनियों में कई अवैध मकान भी गिराए गए। ध्वस्तीकरण के दौरान भीड़ जमा हो गई। विरोध भी करना चाहा, मगर पुलिस बल के मौजूद होने की वजह से किसी प्रकार का विरोध नहीं हुआ।
प्राधिकरण के कार्यवाहक सचिव विजय शुक्ला ने बताया कि नवादा रोड पर रजबहे के पास गांव फतेहपुर जट के दो लोगों द्वारा करीब 23 बीघा भूमि पर अवैध कॉलोनी काटी जा रही है। भूमि पर विभिन्न आकारों के व्यावसायिक एवं आवासीय भूखंड उप विभाजित किए गए हैं। स्थलीय निरीक्षण के दौरान कोई स्वीकृत मानचित्र नहीं दिखाया गया।
उत्तर प्रदेश नगर योजना एवं विकास अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। कॉलोनाइजर को 15 दिन के भीतर खुद ही कॉलोनी ध्वस्त कराने के लिए कहा गया था। मगर कॉलोनाइजर ने नोटिस को गंभीरता से नहीं लिया। ऐसे में विकास प्राधिकरण ने जेसीबी ले जाकर कॉलोनी को ध्वस्त किया।
इसी प्रकार सनसाइन इंटर कॉलेज के पास गांव काजीपुरा निवासी एक व्यक्ति द्वारा करीब 17 बीघा भूमि पर कॉलोनी काटी जा रही है। स्थलीय निरीक्षण के दौरान कोई स्वीकृत मानचित्र नहीं दिखाया गया। कॉलोनाइजर को नोटिस जारी करते हुए कॉलोनी में हुए अनधिकृत निर्माण ध्वस्त कराने को कहा गया था।
इसके लिए 15 दिन का समय दिया गया था, मगर उक्त कॉलोनाइजर ने भी नोटिस को गंभीरता से नहीं लिया। ऐसे में विकास प्राधिकरण की टीम ने मंगलवार को उक्त कॉलोनी को भी ध्वस्त किया। नवादा रोड पर ही कई लोगों द्वारा करीब 40 बीघा कृषि भूमि पर अवैध रूप से प्लाटिंग करते हुए कॉलोनी काटी जा रही है।
स्थलीय निरीक्षण के दौरान कॉलोनाइजर कोई स्वीकृत मानचित्र नहीं दिखा सके। नोटिस जारी कर कॉलोनी को अपने खर्च पर ध्वस्त करने की बात कॉलोनाइजर से कही गई थी। मगर नोटिस का संज्ञान नहीं लिया। मंगलवार को विकास प्राधिकरण की टीम ने पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर कॉलोनी को ध्वस्त किया। तीनों कॉलोनियों को ध्वस्त करने के दौरान पुलिस बल मौजूद रहा।