शव रखकर हाईवे जाम, पुलिस से झड़प
मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद शव देवबंद पहुंचा तो बड़ी संख्या में लोग सहारनपुर-मुजफ्फरनगर स्टेट हाईवे स्थित श्री साईंधाम मंदिर के सामने पहुंच गए। उन्होंने सड़क पर शव रखकर जाम लगा दिया और आरोपियों के एनकाउंटर की मांग की।
एसएसपी अभिनंदन सिंह और एसपी देहात मयंक पाठक ने प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वार्ता विफल रही। करीब दो घंटे बाद पुलिस ने लाठीचार्ज कर भीड़ को हटाया और यातायात बहाल कराया। इस दौरान एक महिला समेत कई लोगों को मामूली चोटें आईं। लाठीचार्ज के दौरान प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर पथराव भी किया।
15 दिन पुराने विवाद का बदला
एसएसपी अभिनंदन सिंह ने बताया कि मुख्य आरोपी तेजस को गिरफ्तार कर लिया गया है। पूछताछ में सामने आया कि करीब 15 दिन पहले शिवा और सूर्यांश के बीच तमंचा दिखाने को लेकर विवाद हुआ था। इस विवाद के बाद दोनों पक्षों में मारपीट भी हुई थी।
पुलिस के अनुसार इसी रंजिश में तेजस, आदि उर्फ आदित्य, सूर्यांश और आकाश ने शिवा की हत्या की योजना बनाई। रविवार रात बातचीत के बहाने उसे घर से बुलाया, गला दबाकर हत्या कर दी और शव को गन्ने के खेत में छिपा दिया।
चार आरोपियों के खिलाफ मुकदमा
मृतक के पिता जयप्रकाश की तहरीर पर जदौड़ा जट्ट निवासी आदि, शास्त्री चौक निवासी सूर्यांश, गांधी कॉलोनी निवासी आकाश और एक अन्य आरोपी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है।
एसएसपी अभिनंदन सिंह ने बताया कि मुख्य आरोपी तेजस को गिरफ्तार कर लिया गया है। जाम के दौरान कुछ लोगों ने माहौल बिगाड़ने की कोशिश की थी, लेकिन स्थिति को समय रहते नियंत्रित कर लिया गया। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों की दबिश जारी है।