- बलियाखेड़ी ब्लॉक के गांव भाभरी में मिला डेंगू का लार्वा, टीम ने कराया नष्ट
- डेंगू का मरीज मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, टीम को किया सक्रिय
संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। जिले में बारिश के बाद डेंगू ने पैर पसारने शुरू कर दिए हैं। डेंगू का पहला मरीज मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग अलर्ट हो गया है। बलियाखेड़ी ब्लॉक के गांव भाभरी में डेंगू का लार्वा मिला है। टीम ने लार्वा नष्ट कराते हुए लोगों को जागरूक किया।
मौसम बदलने से सरकारी और निजी अस्पतालों में बुखार के मरीजों की संख्या में एकाएक वृद्धि हो रही है। ओपीडी में मरीजों की लंबी लाइन लग रही। बुखार में तेजी से प्लेटलेट्स गिरने पर मरीजों को भर्ती करना पड़ रहा है। एक दिन पहले सुनहेटी खड़खड़ी में युवती की जांच रिपोर्ट में डेंगू की पुष्टि हुई थी।
इसके बाद टीम ने गांव में पहुंचकर एंटी लार्वा का छिड़काव कराया। अब बलियाखेड़ी ब्लॉक के गांव भाभरी में डेंगू का लार्वा पाया है। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने लार्वा नष्ट कराया। जिला अस्पताल की प्रमुख अधीक्षक डॉ. सुधा कुमारी ने बताया कि आठ बेड का डेंगू वार्ड बना दिया है।
जिला मलेरिया अधिकारी शिवांका गौड का कहना है कि हर ब्लॉक में स्वास्थ्य टीमें अलर्ट कर दी गई। अपने-अपने क्षेत्रों में लार्वा की जांच कर रही है। वहीं, चिकित्सकों ने आने वाले दिनों में डेंगू बढ़ने की आशंका जताई है।
जांच का दायरा बढ़े तो पकड़ में आए डेंगू
जिले में जांच का दायरा बढ़े तो स्वास्थ्य विभाग समय रहते डेंगू पर काबू पा सकता है। एलाइजा के मुकाबले रैपिड किट से अधिक जांच की जा रही है, जबकि स्वास्थ्य विभाग एलाइजा जांच को ही मान्य मानता है। निजी अस्पतालों में भी रैपिड किट से ही डेंगू जांच की रही है।