- शर्ताें में फेरबदल के चलते टेंडर निरस्त होने से बार-बार प्रकाशित करना पड़ रहा विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। ऐतिहासिक मेला गुघाल के टेंडर की प्रक्रिया दो बार निरस्त करनी पड़ी है। अब तीसरी बार विज्ञापन प्रकाशित कराया जा रहा है, जबकि मेला शुरू होने में अब केवल नौ दिन शेष हैं।
मेला गुघाल के लिए नगर निगम ने टेंडर निकाले थे, लेकिन मेले के आयोजन की पुरानी शर्तें होने के चलते टेंडर निरस्त किया गया था। अधिक से अधिक ठेकेदारों को प्रतिभाग कराने के लिए नगर निगम ने शर्तों में फेरबदल किया था। कहा गया था कि हमेशा कुछ चुनिंदा ठेकेदार ही सेटिंग कर टेंडर अपने नाम करा लेते हैं और फिर सब मिलकर काम करते हैं। इस बार ऐसा न हो इसके लिए शर्तें बदली गई थी। दोबारा टेंडर निकाला गया था, जो दो दिन पहले खुलना था, लेकिन कम ठेकेदारों द्वारा प्रतिभाग करने के कारण प्रक्रिया निरस्त करनी पड़ी।
टेंडर प्रक्रिया दो बार निरस्त होने को लेकर लोग नगर निगम की नीयत और प्रक्रिया पर सवाल उठा रहे हैं। चूंकि मेला शुरू होने में अब मात्र नौ दिन बचे हैं। ऐसे में यह भी कहा जा रहा है कि इतने कम समय में किसी भी ठेकेदार के लिए दुकानों के लिए जगह आवंटन करना मुश्किल रहेगा। इससे मेला प्रभावित हो सकता है।
प्रक्रिया में अधिक से अधिक ठेकेदार हिस्सा ले सकें। इसके लिए टेंडर की शर्तों में संशोधन किया गया था। दूसरी बार कम ठेकेदार आने के कारण प्रक्रिया को निरस्त किया गया है। प्रयास यही है कि मेले के लिए अच्छे ठेकेदार सामने आएं और मेला भव्य व ऐतिहासिक बने। - डॉ. अजय कुमार, महापौर।