छुटमलपुर/ रामपुर मनिहारान। प्रधान संगठन के जिला अध्यक्ष सतवीर प्रधान ने संगठन के पदाधिकारियों के साथ जिला पंचायत राज अधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेज कर ग्राम पंचायतों में प्रशासक के रूप में ग्राम प्रधान को ही नियुक्त करने की मांग की। डीपीआरओ को सौंपे ज्ञापन में प्रधानों ने उन्हें अवगत कराया कि प्रत्येक ब्लॉक में औसतन एक सौ ग्राम पंचायत के आसपास हैं। इतनी संख्या में ग्राम पंचायतों का चार्ज एक एडीओ पंचायत के द्वारा संभाल पाना मुश्किल है। ग्राम पंचायतों की समस्या और कोरोना जैसे बड़े संकट को देखना एक अधिकारी के लिए लगभग असंभव होगा। कोरोना जैसी महामारी में ग्राम प्रधानों ने ग्राम पंचायतों और प्रशासन के बीच में जिम्मेदारी से अपने कार्यों को अंजाम दिया। इसके कारण ग्राम पंचायत और उनमें रहने वाले लोग ज्यादा सुरक्षित रहे हैं। इसलिए इस कोरोना संकट काल को देखकर यदि चुनाव का समय बढ़ता है तो ग्राम प्रधानों को ही ग्राम पंचायतों पर प्रशासक के रूप में नियुक्त किया जाए। ज्ञापन सौंपने वालों में विभिन्न ब्लॉकों के अध्यक्ष कर्म सिंह सैनी, रामपाल सिंह, भानु प्रताप, संगठन मंत्री राजेश प्रधान, वीरेंद्र पुंडीर, जाकिर प्रधान नानका आदि रहे।
रामपुर मनिहारान में प्रधान संगठन के ब्लाक अध्यक्ष मेघराज सिंह के नेतृत्व में ग्राम प्रधान तहसील पहुंचे। जहां उन्होंने मुख्य मंत्री को संबोधित ज्ञापन एसडीएम देवेंद्र पांडेय को सौंप कर चुनाव होने तक प्रधानों का कार्यकाल बढ़ाने की मांग की। इसमें ग्राम प्रधान नुकुल, यतेंद्र कुमार, तरश पाल, कुलदीप, नीरज, मेघराज, मनवीर आदि रहे।