सहारनपुर। कोतवाली सदर बाजार क्षेत्र की रक्खा कॉलोनी में महिला अधिवक्ता की मौत हो गई। मायके पक्ष के लोगों ने ससुरालियों पर दहेज उत्पीड़न और फांसी लगाकर हत्या करने का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में लिया है, वह भी अधिवक्ता है।
रक्खा कॉलोनी में अंजली की रविवार सुबह मौत हो गई, जो अधिवक्ता थी। अंजली के भाई अनिल ने कोतवाली सदर बाजार में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि उसकी बहन की शादी 23 फरवरी 2020 को अधिवक्ता संदीप से हुई थी। आरोप है कि दहेज की मांग पूरी ना होने पर ससुराल पक्ष अंजली को प्रताड़ित करते थे। रविवार सुबह गांव के लोगों ने उन्हें जानकारी दी कि अंजली की हत्या कर दी गई है। वह मौके पर पहुंचे तो शव फंदे पर लटका था और ससुराल पक्ष के लोग फरार हो गए थे। उन्होंने शव को नीचे उतारकर पुलिस को सूचना दी।
सीओ द्वितीय दुर्गा प्रसाद तिवारी ने बताया कि पुलिस जब मौके पर पहुंची तो अंजली का शव बेड पर पड़ा था। मृतका के भाई की तहरीर पर दहेज हत्या के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पति संदीप को पुलिस ने हिरासत में लिया है और पूछताछ की जा रही है। वहीं, गांव में चर्चा आत्महत्या की है।