Saharanpur News: आगरा से मसूरी घूमने के लिए पांच दोस्त खुशी-खुशी घर से निकले थे। साहिल तिवारी, सक्षम उपाध्याय और राहुल कुमार की मौत हो गई, जबकि सचिन वर्मा और हेमंत वर्मा को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर गांव बेलड़ा जुनारदार के पास गोल चक्कर पर रविवार तड़के तेज रफ्तार थार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। इसके बाद कार डिवाइडर को तोड़ते हुए दूसरी तरफ पलट गई। इस हादसे में आगरा निवासी साहिल तिवारी (25), सक्षम उपाध्याय (22) और राहुल कुमार (25) की मौत हो गई, जबकि दो साथी घायल हो गए। पांचों दोस्त घूमने के लिए आगरा से मसूरी जा रहे थे। हादसा झपकी आने की वजह से हुआ।
विज्ञापन
Trending Videos
राहुल, साहिल और सक्षम की फाइल फोटो।
- फोटो : अमर उजाला
शनिवार रात साहिल तिवारी निवासी शांतिनगर कमनानगर, सक्षम उपाध्याय निवासी रैनका बाग, राहुल कुमार निवासी टेहड़ी बगिया, सचिन वर्मा और हेमंत वर्मा निवासी निषाद मार्केट शालीमार एनक्लेव कमनानगर आगरा घूमने के लिए मसूरी जाने की बात कहकर घर से निकले थे। हादसा रविवार तड़के करीब चार बजे हुआ।
दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर दिल्ली की तरफ से आ रही उनकी थार गांव बेलड़ा जुनारदार के पास गोल चक्कर पर अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। थार की रफ्तार इतनी तेज थी कि डिवाइडर से टकराने के बाद करीब 20 फीट रेलिंग तोड़ते हुए दूसरी ओर पलट गई। साहिल और सक्षम करीब 40 फीट नीचे खाई में जा गिरे।
हादसे के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और सभी को जिला अस्पताल लाया गया। यहां चिकित्सकों ने साहिल, सक्षम और राहुल को मृत घोषित कर दिया। हादसे का पता लगने पर मृतकों के परिजन जिला अस्पताल पहुंचे। पुलिस की जांच में सामने आया कि थार की रफ्तार अधिक थी। चालक को झपकी आने पर कार अनियंत्रित हुई, जिसकी वजह से हादसा हुआ।
हेमंत चला रहा था कार
सचिन वर्मा व हेमंत वर्मा को भर्ती कर इलाज किया। थार को हेमंत चला रहा था। उसके बराबर में सचिन बैठा था, जबकि साहिल, सक्षम और राहुल पीछे वाली सीट पर बैठे थे। हादसे से करीब आठ घंटे पहले सक्षम ने अपनी इंस्टाग्राम आईडी पर थार पर बैठे वीडियो डाली थी। वीडियो देहरादून-दिल्ली एक्सप्रेसवे की बताई जा रही है।
सचिन ने हादसे के बाद अनजान नंबर से की थी कॉल
हादसा होने के बाद घायल सचिन ने अनजान नंबर से अपने दोस्त नरेश की बहन को कॉल की थी। नरेश ने बताया कि रविवार सुबह करीब चार बजे बहन का कॉल आया था, जिसने हादसे होने की जानकारी दी थी। इसके बाद नरेश अपनी कार से सहारनपुर आया।
ये बोले एसपी
प्रथम दृष्टया तेज रफ्तार की वजह से हादसा होने की बात सामने आई है। घटनास्थल पर टीम को भेजकर जांच कराई गई है। हादसे के अन्य कारणों का भी पता लगाया जा रहा है। - शैलेंद्र कुमार श्रीवास्तव, एसपी यातायात