ट्रक से कुचलकर बाइक सवार की मौत
रामपुर मनिहारान। बेटी की शादी के कार्ड बांटने रिश्तेदारी में बाइक से जा रहे पिता को मुजफ्फरनगर में बरला हाईवे पर ट्रक ने कुचल दिया। इससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद शादी की खुशियां मातम में बदल गई।
रामपुर मनिहारान थाने के गांव भांकला निवासी नेत्रपाल (48) पुत्र रफल सिंह की लड़की की शादी 30 जनवरी को होनी निश्चित हुई थी। नेत्रपाल अपनी रिश्तेदारी में शादी के कार्ड बांटने बाइक से जा रहे थे तो मुजफ्फरनगर के बरला हाईवे पर ट्रक ने उन्हें कुचल दिया। इससे मौके पर ही उनकी मौत हो गयी। यह खबर जैसे ही नेत्रपाल के घर पहुंची वहां शादी की खुशियां मातम में बदल गई। मृतक के दो लड़कियां और एक लड़का है। लड़का सबसे छोटा है। बड़ी लड़की की घर में शादी थी। इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। हर किसी की जुबान पर यही था कि नेत्रपाल किसी तरह बेटी के हाथ पीले कर रहा था। उसकी तकदीर में यह खुशी भी देखनी ईश्वर ने नहीं लिखी थी।