बेहट के थाना मिर्जापुर क्षेत्र के शिवालिक जंगल में शव मिलने के बाद मौके पर जांच करती पुलिस
- फोटो : SAHARANPUR
बेहट (सहारनपुर)। थाना मिर्जापुर की बादशाहीबाग पुलिस चौकी के पास शिवालिक के जंगल में एक युवक का सड़ा गला शव क्षत-विक्षत हालत में मिला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। शव आधे से ज्यादा हिस्सा जंगली जानवरों ने खाया हुआ था। उसके पास से मिले पैन कार्ड से उसकी शनाख्त हुई। इसके बाद परिजनों को खबर की गई।
मंगलवार की सुबह जंगल में लकड़ी लेने गए ग्रामीणों ने बादशाही बाग चौकी पर पुलिस को सूचना दी कि जंगल में डाक बंगले के नीचे खाई में किसी का शव पड़ा है। चौकी इंचार्ज सत्यवीर अत्री मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि शव का काफी हिस्सा खराब हो गया था। उसका 50 से 60 प्रतिशत हिस्सा जंगली जानवरों ने खा लिया था। शव के पास में पड़े मिले पैन कार्ड आदि कागजात से मृतक की शनाख्त नुकड़ के ककराला गांव निवासी पंकज (29) पुत्र प्रीतम के रूप में हुई है। मृतक के परिजनों को सूचना देने के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भिजवा दिया। सत्यवीर अत्री ने बताया कि वह 23 जून से घर से लापता था। उसके साले शेखपुरा निवासी योगेश ने नकुड़ थाने में सोमवार को ही पंकज की गुमशुदगी दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि युवक यहां कैसे पहुंचा और उसकी मौत किस वजह से हुई इसकी जांच की जा रही है। उधर, युवक की मौत की सूचना के बाद उसके परिजनों में कोहराम मचा है।