दया शुगर मिल पर मिलकर्मी की लाश मिलने के बाद जांच करती पुलिस
- फोटो : SAHARANPUR
हौज में मिला लापता मिलकर्मी का शव, हंगामा
गागलहेड़ी (सहारनपुर)। रविवार सुबह से लापता हुए मिल कर्मी की लाश मिल परिसर के हौज में मिलने के बाद हड़कंप मच गया। कर्मचारी यूनियनों ने नौकरी और मुआवजे की मांग को लेकर शव को उठने नहीं दिया। मिल प्रबंधन, यूनियन और परिजनों के बीच समझौते के बाद शव को ले जाया गया। मौत के कारणों का पता नहीं लग पाया है। गागलहेडी पुलिस मामले की जांच में लगी हुई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। समझौता वार्ता में मिल प्रबंधन की ओर से मृतक के परिजन को नौकरी और 11 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने का आश्वासन दिया गया है।
कस्बे की दया शुगर मिल में कार्यरत कर्मचारी 48 वर्षीय नवनीत पुत्र विक्रम निवासी धामपुर बिजनौर रविवार सुबह नौ बजे से मिल परिसर में अपनी ड्यूटी से गायब था। मिल प्रबंधन ने रविवार की शाम कर्मचारी की गुमशुदगी की सूचना पुलिस को दी। एसओ भानू प्रताप ने फोर्स और डाग स्क्वायड के साथ पहुंचकर कर्मचारी की मिल परिसर में तलाश कराई लेकिन कोई सुराग नहीं मिल सका। सोमवार सुबह मिल परिसर में बने पानी के हौज में नवनीत का शव दिखाई पड़ा। मिल कर्मचारियों की भीड़ लग गई। मौके पर थाना प्रभारी पहुंचे। पोस्टमार्टम के लिए शव को जैसे ही पुलिस भेजने लगी यूनियन ने विरोध कर दिया। मिल कर्मचारी यूनियन ने मृतक के परिवार के एक सदस्य को नौकरी और मुआवजा देने की मांग करते हुए शव उठाने नहीं दिया।
माहौल गरमाने पर सीओ सदर चंद्रपाल शर्मा भी मौके पर पहुंचे। सीओ की मौजूदगी में मिल प्रबंधन, मृतक के बेटे तथा कर्मचारी नेताओं के बीच चली वार्ता के बाद मृतक के आश्रितों को 11 लाख रुपये की आर्थिक सहायता और एक परिजन को नौकरी के आश्वासन बाद मामला सुलझा। एसओ भानू प्रताप ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद मौत की वजह का पता लग पाएगा। पुलिस हर बिंदु पर जांच कर रही है।
मृतक के बेटे को ढांढस बंधाते मिल स्टाफ के लोग- फोटो : SAHARANPUR