दो दिन से लापता युवक का शव मिला
छुटमलपुर। कस्बे से दो दिन से गायब युवक का शव रुड़की रोड स्थित टावर के पास पड़ा मिला। शव के पास सल्फास का खाली पाउच और शराब की बोतल पड़ी थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बताया जा रहा है कि युवक ने गृह क्लेश के चलते यह आत्मघाती कदम उठाया है।
रुड़की रोड पर इंटर कालेज के पास मोबाइल कंपनी का टावर लगा है। सुबह साढे़ नौ बजे टावर के पास अज्ञात शव पड़ा मिला। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस को जांच के दौरान शव के पास सल्फास का पाउच व शराब की बोतल पड़ी मिली। कड़ी मशक्कत के बाद शव की पहचान जितेंद्र उर्फ मोनू (32) पुत्र तेलूराम निवासी गांधी कालोनी छुटमलपुर के रूप में की गई। सूचना पर परिजन रोते बिलखते मौके पर पहुंचे। पिता तेलूराम ने थाने में तहरीर देकर बताया है कि मंगलवार की दोपहर जितेंद्र पत्नी से कहासुनी के बाद घर से निकल गया था।
फतेहपुर एसओ मनोज चौधरी ने बताया कि प्रथम दृष्टया पति-पत्नी के बीच विवाद होने की बात सामने आ रही है। आशंका है कि युवक ने गुस्से में जहर खाकर आत्महत्या की है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद ही सही कारणों का पता चल पाएगा।