चार दिन से लापता किसान और मजदूर की पत्नी के शव मिले
गंगोह (सहारनपुर)। चार दिन से लापता किसान और एक मजदूर की पत्नी के शव मिले हैं, जबकि मजदूर अभी भी लापता है। हरियाणा पुलिस ने मृतकों के शवों के पोस्टमार्टम कराने के बाद उन्हें परिजनों को सौंप दिए।
गंगोह कोतवाली के गांव बुड्ढाखेड़ा निवासी इंसार पुत्र जाहिद और उसकी पत्नी फात्मा इसी क्षेत्र के गांव नागल राजपूत निवासी किसान इंतजार के यहां मजदूरी करते थे। शनिवार शाम किसान इंतजार और मजदूर दंपती खेत से ही लापता हो गए थे। पता चलने के बाद परिजनों ने उन्हें काफी तलाश किया, लेकिन उनका कहीं कुछ पता नहीं लग सका। परिजन खुद ही उनकी तलाश कर रहे थे। उनकी गुमशुदगी दर्ज नहीं कराई थी। सोमवार को किसान 36 वर्षीय इंतजार और इंसार की 26 वर्षीय पत्नी फात्मा के शव हरियाणा के गांव कमालपुर के यमुना क्षेत्र में पड़े मिले। सूचना मिलने पर हरियाणा पुलिस और मृतकों के परिजन घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मृतकों के पोस्टमार्टम करा मंगलवार की देर शाम शवों को उनके परिजनों को सौंप दिया। परिजनों ने यहां लाकर शवों को सुपुर्द-ए-खाक कर दिया, जबकि लापता इंसार की तलाश की जा रही है। हरियाणा के थाना इंद्री कोतवाली प्रभारी सतपाल सिंह ने बताया कि मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम करा उन्हें परिजनों को सौंप दिया गया है। मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। कोतवाली प्रभारी भगवत सिंह का कहना है कि मामला हरियाणा क्षेत्र का है। वहीं की पुलिस द्वारा शवों के पोस्टमार्टम कराए गए हैं। मामला उनके संज्ञान में है, लेकिन उन्हें कोई तहरीर नहीं मिली है।