एक दूसरी डीसीएम से टकराई डीसीएम।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
सहारनपुर के छुटमलपुर में टायर फटने के बाद बेकाबू हुई डीसीएम ने बाइक सवार चचेरे भाई बहन को कुचल दिया, जिससे बहन की मौके पर ही मौत हो गई जबकि भाई गंभीर रूप से घायल हो गया।
बाइक सवारों को कुचलने के बाद डीसीएम दूसरे डीसीएम से टकरा गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पीएम के लिए तथा घायल को अस्पताल भिजवाया। मुजफ्फरनगर की एकता विहार कालोनी निवासी 20 वर्षीय तन्नु पुत्री सुनील कुमार अपने चचेरे भाई राहुल पुत्र साधुराम के साथ रविवार दुपहर दो बजे छुटमलपुर से अपने घर लौट रही थे।
छुटमलपुर-सहारनपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर थाना गागलहेड़ी क्षेत्र के गांव सोना सैयद माजरा गांव में अचानक सामने से आ रही डीसीएम का टायर फट गया। अनियंत्रित हुई डीसीएम इन्हें कुचलती हुई दूसरे ट्रक से टकरा गई।
हादसे में तन्नु की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि राहुल गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने राहुल को 108 एंबुलेंस से फतेहपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया।
जहां से उसे प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। जबकि शव का पंचनामा भर कर पीएम के लिए भेज दिया गया। उधर, हादसे के बाद एक डीसीएम में भरी कोल्ड ड्रिंक्स की बोतलें भी सड़क पर फैल गई।
कुछ देर के लिए मार्ग भी अवरुद्ध रहा, जिसे पुलिस ने वाहनों को हटवा कर सुचारु कराया। उधर, गंगोह के गांव दूधला निवासी राहुल और शोकिंद्र शनिवार देर शाम सहारनपुर से वापस अपने गांव लौट रहे थे। जैसे ही ये लोग बाईपास मार्ग स्थित सीओ कार्यालय के नजदीक पहुंचे तो किसी अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। इसमें दोनों युवक घायल हो गए।