सहारनपुर। प्रधानी चुनावों के इंतजार में बैठे संभावित उम्मीदवारों को तारीख पर तारीख मिल रही है। ऐसे में चुनावी चुनावी मैदान में ताल ठोकने के अरमान फिलहाल तो धुलते नजर आ रहे हैं। कारण है कि राज्य चुनाव आयोग ने पांचवीं बार अंतिम मतदाता सूची के जारी होने की तिथि को बढ़ाया है। ऐसे में समय पर चुनाव संभव नहीं लगते।
जिले में 19 अगस्त 2025 से पंचायत सूची के पुनरीक्षण अभियान की शुरुआत हुई थी। कुल 884 ग्राम पंचायत हैं। इन पंचायतों में वार्डों की संख्या 11,210 है। क्षेत्र पंचायत में वार्ड की संख्या 1,206 है। इसी तरह जिला पंचायत के कुल 49 वार्ड हैं। 2021 के पंचायत चुनाव में जिले में 18, 56,173 मतदाता पंजीकृत थे। पुनरीक्षण अभियान के बाद 23 दिसंबर को जिले की 884 ग्राम पंचायतों की अनंतिम मतदाता सूची जारी की गई। इसके बाद राज्य चुनाव आयोग ने डिडुप्लीकेट मतदाताओं के सत्यापन के निर्देश दिए। तभी से ही अंतिम मतदाता सूची जारी करने की तिथि में बदलाव होता रहा।
जिले में ग्राम प्रधानों का कार्यकाल 20 मई को समाप्त हो रहा है। ऐसे में समय पर चुनाव होना असंभव है। चुनाव के लंबा खींचने की आशंका से त्रिस्तरीय पंचायतों चुनावों की तैयारी में जुटे उम्मीदवारों के अरमानों पर पानी फिरता दिखाई दे रहा है। जुलाई में जिला पंचायत का कार्यकाल भी समाप्त हो रहा है। अभी तक आरक्षण समेत तमाम औपचारिकताएं शेष हैं।