243 सफाई कर्मचारियों के बयान होंगे दर्ज
सहारनपुुर। ग्राम पंचायतों में कोरोना काल के दौरान कोविड और सफाई किट खरीद में धांधली के आरोप के मामले में जांच कमेटी 243 सफाई कर्मचारियों के बयान दर्ज कर रिपोर्ट जिलाधिकारी को सौंपेंगी। कमेटी के सदस्यों ने बुधवार को भी चार विकासखंडों की ग्राम पंचायतों में पहुंचकर जांच की।
भाजपा सहकारिता प्रकोष्ठ के प्रदेश सह संयोजक रामपाल सिंह पुंडीर ने इस मामले में धांधली का आरोप लगाकर मुख्यमंत्री को शिकायतपत्र भेजा था, जिसमें बताया था कि 2800 रुपये की जगह सफाई किट 5200 और कोविड किट 4190 रुपये की खरीदकर जिला पंचायराज विभाग द्वारा धांधली की गई। जांच कमेटी के अध्यक्ष उपनिदेशक शरद प्रकाश श्रीवास्तव, मनरेगा उपायुक्त अरुण कुमार उपाध्याय और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रमेंद्र कुमार सिंह ने ब्लॉक पुवांरका, बलियाखेड़ी और मुजफ्फराबाद की ग्राम पंचायतों में पहुंचकर बुधवार को भी जांच की। इसके साथ ही अब जांच कमेटी 243 सफाई कर्मचारियों के बयान दर्ज करेगी, जिसमें उनसे पूछा जाएगा कि उन्हें किट में सामान क्या-क्या मिला। कमेटी दो से तीन दिन के अंदर जिलाधिकारी को जांच रिपोर्ट सौंपेगी। इस मामले को लेकर संबंधित विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों में खलबली मची है।