ताहरपुर में हाईटेंशन तार से घर में करंट आने से जला घर का सामान
- फोटो : SAHARANPUR
सहारनपुर। शहर से सटे गांव ताहरपुर में हाईटेंशन लाइन से कई मकानों में करंट दौड़ गया, जिससे दो बच्चे और एक किशोर झुलस गया। इसके साथ ही दो मकानों के लिंटर में भी दरार आ गई। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
रविवार की सुबह साढ़े दस बजे देहात कोतवाली क्षेत्र के गांव ताहरपुर में कुछ बच्चे पतंग उड़ा रहे थे। इसी दौरान चाइनीज मांझा मकानों के पास से जा रही 11 हजार की लाइन में उलझ गया, जिसके बाद शॉर्ट सर्किट हुआ और चिंगारियां गिरी। इसके साथ ही मकानों में भी करंट फैल गया। हादसे में सागर (10) पुत्र विकास, प्रिंस (11) पुत्र अजीत और निशांत (14) झुलस गए, जिन्हें आनन-फानन में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसके साथ ही ताहरपुर में पांच से अधिक मकानों के उपकरण फुंक गए और दो घरों के लिंटर में भी दरार आई। हादसे के बाद लोगों में दहशत फैल गई। सूचना देकर विद्युत लाइन को बंद कराया गया। पता लगने पर विद्युत निगम के कर्मचारी और देहात कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंची। विद्युत निगम के कर्मचारियों ने मरम्मत कराकर लाइन को ठीक कराया।
रोक के बावजूद बिक रहा चाइनीज
जिले में रोक के बावजूद चाइनीज मांझा बिक रहा है। बीते चार साल में चाइनीज मांझे की चपेट में आकर पांच लोगों की मौत हो चुकी है। इसके साथ ही 50 से अधिक लोग घायल हुए हैं। इसके बाद भी कारोबारी चोरी छिपे मांझा बेच रहे हैं। एसपी सिटी राजेश कुमार का कहना है कि चाइनीज मांझा बेचने वाले पतंग कारोबारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।