शिक्षाविद् तथा पूर्व राष्ट्रपति डॉ. एस राधाकृष्णन का जन्मदिन शुक्रवार को शिक्षक दिवस के रूप में मनाया गया। इस मौके पर स्कूलों में उनके चित्र के संमुख पुष्प अर्पित किए गये। वहीं शिक्षकों ने विद्यार्थियों के साथ उनके जीवन से जुड़े अनेक वृतान्त साझा किए।
कस्बे के मदर टेरेसा पब्लिक स्कूल, एमटीएस पब्लिक स्कूल, दिगंबर जैन कन्या इंटर कॉलेज, एसडी हाईस्कूल, डीसी जैन कॉलेज, गुरुकुल एकेडमी आदि में डॉ. राधाकृष्णन के जीवन पर प्रकाश डाला गया तथा शिक्षा क्षेत्र में उनके अतुलनीय योगदान की चर्चा की गयी।
इस मौके पर वायुसेना अवस्थान स्थित केंद्रीय विद्यालय में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विद्यार्थियों के साथ मन की बात करने के सीधे प्रसारण के लिए विद्यालय में बड़े टीवी स्क्रीन लगाए गये। इस मौके पर स्कूल के प्राचार्य पीके मलिक ने बच्चों को डॉ. एस राधाकृष्णन के जीवन से जुड़े वृतान्त सुनाकर उनके आदर्शों को अपनाने की सीख दी। शिक्षिका आभा त्यागी ने बच्चों को बताया कि साधारण परिवार में जन्में डॉ. राधाकृष्णन ने अपनी योग्यता के बल पर शिक्षा क्षेत्र में ऐसा खास मुकाम बनाया कि उनके जन्म की तारीख 5 सितंबर को ही शिक्षक दिवस मनाया जाता है। उन्होंने समाज में शिक्षकों के योगदान को उच्च स्थान पर स्थापित कर दिया। इस मौके पर समस्त स्कूल स्टाफ मौजूद रहा।