सहारनपुर। एसबीडी जिला अस्पताल में लगी सीटी स्कैन मशीन को ठीक करने में साइरेक्स एजेंसी रुचि नहीं ले रही है। दो महीने से मरीजों को जांच के लिए भटकना पड़ रहा है। मरीज बाहर महंगी जांच कराने को मजबूर हैं। इसके लिए एजेंसी को कई बार पत्र लिखा गया, लेकिन एजेंसी ने मशीन को ठीक करने के लिए कोई इंजीनियर नहीं भेजा है।
एसबीडी जिला अस्पताल की ओपीडी में एक हजार से अधिक मरीज रोजाना पहुंचते हैं। चिकित्सक मरीज की हालत देखकर जांच लिखते हैं। जिला अस्पताल में लगी सीटी स्कैन मशीन के मरम्मत और रखरखाव की जिम्मेदारी शासन स्तर से साइरेक्स एजेंसी को दी गई है। अस्पताल प्रबंधन अपने स्तर से मशीन में कोई काम नहीं करा सकता है। इसलिए उसे मशीन खराब होने की सूचना एजेंसी को देनी पड़ती है। 12 जून से सीटी स्कैन मशीन मरीजों को जांच की नियमित सुविधा नहीं दे पा रही है। अस्पताल की ओर से साइरेक्स एजेंसी को पत्र लिखने के साथ-साथ फोन भी किए गए। एजेंसी ने 19 जुलाई, 24 जुलाई और 30 जुलाई को पत्र लिखकर ठीक कराने की जिम्मेदारी ली, लेकिन एजेंसी वाले मशीन को ठीक करने में लापरवाही बरत रहे हैं। अभी तक एजेंसी ने कोई इंजीनियर तक नहीं भेजा है।
सीटी स्कैन मशीन को ठीक कराने के लिए साइरेक्स एजेंसी का कई बार पत्र भेजा गया, लेकिन दो माह से सीटी स्कैन मशीन खराब है। नियमित जांच भी नहीं हो पा रही है। सबसे ज्यादा परेशानी इमरजेंसी में आने वाले मरीजों को हो रही है। हमने इस संबंध में उच्चाधिकारियों को अवगत करा दिया है।
डॉ. रामानंद, कार्यवाहक प्रमुख अधीक्षक, एसबीडी जिला अस्पताल