बड़गांव (सहारनपुर)। नानौता किसान सहकारी चीनी मिल का पेराई सत्र तो शुरू कर दिया, लेकिन प्रबंधन की उदासीनता के चलते न तो तौल पर्चियां जारी हो रही हैं और न ही तौल कांटे लग सके हैं। सरकार और प्रशासन की कार्यशैली के कारण स्थानीय किसानों की परेशानी बढ़ी है। गन्ना कटाई नहीं होने से किसानों को गेहूं की अगेती फसल की बुआई प्रभावित हो रही है।
सिरसली कलां में लगने वाले गन्ना क्रय केंद्र ए पर किसानों को गन्ना आपूर्ति के लिए नहीं पर्चियां अभी तक जारी नहीं की गई हैं । चार गांवों सिरसली कलां व खुर्द, शिवदासपुर, रेड़ा के गन्ना किसानों को अपना गन्ना तौल कराने के लिए क्रय केन्द्र ए पर अभी तक कांटे नहीं लगवाए हैं। इसके चलते इस ए गन्ना क्रय केन्द्र से जुड़े किसानों में मिल प्रबंधन के खिलाफ गहरा रोष बना है। जबकि हर वर्ष नानौता किसान सहकारी चीनी मिल को उक्त सभी गांव से दो गन्ना क्रय केंद्रों ए और बी के जरिये हजारों क्विंटल गन्ना आपूर्ति की जाती है। किसान विजय कुमार, आस मोहम्मद, इरफान, आसू, हुसैन अहमद, अनवर आदि ने कहा मिल पेराई शुरू हो गई है। उनका एक भी गन्ना अभी मिल में नहीं डल पाया, इससे उनके खेतों में अगेती गेहूं बुआई पिछड़ती दिखाई पड़ रही है।
सिरसली कला के ग्राम प्रधान इरफान व सिरसली खुर्द के ग्राम प्रधान हुसैन अहमद ने व्यवस्था सुचारु करने की मांग की। दूसरी तरफ किसान सहकारी चीनी मिल नानौता के जीएम डॉ. प्रशांत कुमार ने बताया कि मिल की ओर से तैयारियां पूरी हैं। गन्ना क्रय के लिए करीब करीब सभी केन्द्रों पर कांटे लगाने का काम अंतिम चरण में है। शीघ्र ही उक्त क्रय केन्द्र पर गन्ना तौल शुरू कराया जाएगा।