सहारनपुर। शासन-प्रशासन के तमाम प्रयास किसानों को समय पर गन्ना मूल्य भुगतान कराने में विफल साबित हो रहे हैं। जनपद की सभी शुगर मिलों ने पेराई सत्र समाप्त कर दिया है। इसके बावजूद जिले के किसानों का 678 करोड़ रुपये चीनी मिलों पर बकाया हैं। इनमें सबसे अधिक बकाया गांगनौली चीनी मिल पर है।
जनपद की चीनी मिलें 500 लाख क्विंटल से अधिक गन्ने की पेराई करके बंद हो गई है। मिलों में शुगर का औसत परता 10.52 प्रतिशत रहा है। सभी मिलों ने 52.66 लाख क्विंटल चीनी का उत्पादन किया है। जिले की सरसावा सहकारी चीनी मिल का पेराई सत्र 23 मई तक चला। सभी मिलों के बंद हो जाने के बावजूद किसानों को पूरा बकाया गन्ना मूल्य नहीं मिल सका है। गन्ना क्रय अधिनियम के तहत मिल में गन्ना सप्लाई करने के 14 दिनों के अंदर किसान को गन्ना मूल्य भुगतान करने का नियम है। इसके बाद भुगतान करने पर किसान को 15 प्रतिशत की दर से बकाया गन्ना मूल्य पर ब्याज देने का प्रावधान है, लेकिन किसानों को न तो समय पर गन्ना मूल्य मिल रहा है और न ही बकाया गन्ना मूल्य पर ब्याज।
तत्काल भुगतान कराए सरकार
पेराई सत्र समाप्त हो चुका है। इसके बाद भी किसान बकाया गन्ना मूल्य पाने के लिए भटक रहे हैं। किसान इस समय अपनी फसलों पर खाद, कीटनाशक आदि का प्रयोग करते हैं। इसके अलावा रोजमर्रा के खर्च के लिए भी किसान पाई पाई का मोहताज हो गए हैं। सरकार तत्काल बकाया गन्ना मूल्य का भुगतान कराए नहीं तो जल्द ही आंदोलन किया जाएगा। -- चौधरी विनय कुमार, प्रदेश उपाध्यक्ष भाकियू।
किसानों को तत्काल ब्याज सहित बकाया गन्ना मूल्य भुगतान कराया जाए। जो मिल मालिक बकाया भुगतान करने में कोताही बरतें उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। किसान इस समय एक एक पैसे में लिए मजबूर है। -- श्यामवीर त्यागी, प्रांत संयोजक, भारतीय किसान संघ।
तत्काल बकाया गन्ना मूल्य भुगतान करने के चीनी मिलों पर दबाव बनाया हुआ है। सभी मिलों को चीनी बेचकर जल्द भुगतान करने के निर्देश दिए गए हैं। बकाया भुगतान करने में कोताही बरतने वाली मिलों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। -- कृष्ण मोहनमणि त्रिपाठी, जिला गन्ना अधिकारी।
जनपद में बकाया गन्ना मूल्य (करोड़ में)
मिल -------------- बकाया
देवबंद ------------ 54.67
गांगनौली -------- 245.84
शेरमऊ ----------- 99.07
गागलहेडी -------- 66.51
नानौता ---------- 129.91
सरसावा --------- 82.36
( नोट: गन्ना विभाग के 25 मई के आंकड़ों के अनुसार)