सहारनपुर। स्टोन क्रशर संचालकों की बैठक में हरियाणा एवं उत्तराखंड से आ रहे अवैध खनिज एवं कूट रचित प्रपत्रों पर हो रहे अवैध परिवहन पर तत्काल रोक लगाने की मांग की गई। उन्होंने कहा कि यदि समस्याओं का निस्तारण नहीं हुआ तो मुख्यमंत्री आवास पर क्रशर संचालक अनशन करेंगे।
मंगलवार को दिल्ली रोड स्थित एक सभागार में जिला स्टोन क्रशर के बैनर तले एक बैठक का आयोजन किया गया। इसमें हरियाणा एवं उत्तराखंड राज्य से आ रहे अवैध खनिज पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि यदि शासन एवं प्रशासन ने हरियाणा और उत्तराखंड से आ रहे अवैध खनिज पर रोक नहीें लगाई तो जिले के 84 स्टोन क्रशर स्वामियों ने अपना कारोबार बंद कर देंगे जिससे न सिर्फ सरकार को भारी राजस्व का नुकसान होगा बल्कि स्थानीय मजदूरों के सामने भी रोजी रोटी का संकट पैदा हो जाएगा। उन्होंने हरियाणा एवं उत्तराखंड से आ रहे अवैध खनन एवं कूटरचित प्रपत्रों द्वारा हो रहे परिवहन को तत्काल रोकने, क्रशर स्वामियों पर दर्ज मुकदमे समाप्त करने सहित अन्य मांग की। इस दौरान नितिन चौधरी, मदन चौधरी, अरुण शर्मा, हैप्पी, सलीम प्रधान, देवेंद्र कुमार आदि मौजूद रहे।