चिलकाना (सहारनपुर)। कोरोना कर्फ्यू के बावजूद ईद के मद्देनजर बाजारों में भारी भीड़ उमड़ रही है। चिलकाना में कोरोना संक्रमण के चलते पुलिस द्वारा की जा रही सख्ती के बावजूद लोग सुबह से ही बाजारों में भारी संख्या में खरीदारी के लिए पहुंच रहे हैं। पुलिस प्रतिबंधित दुकान खुली देखकर उन्हें बंद करा रही है। ईद का त्यौहार नजदीक आने के कारण बाजारों में मुस्लिम समाज के लोग खरीदारी के लिए आ रहे हैं, लेकिन कपड़े तथा अन्य आवश्यक वस्तुओं की दुकानें न खुलने पर उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। एसओ बीएस वर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम बिना वजह घूमने वालों का चालान काटकर चेतावनी भी दे रही है। पुलिस बाजारों में फ्लैग मार्च निकाल कर लोगों को कोरोना संक्रमण के प्रति जागरूक रहने की अपील कर रही है।
गंगोह में शनिवार शाम कोतवाली पुलिस ने फ्लैग मार्च निकाला। बिना वजह सड़कों पर घूम रहे लोगों की खबर लेने के साथ ही बिना मास्क बाहर निकलने वालों के भी चालान काटे। पैदल मार्च कोतवाली से आरंभ होकर सभी प्रमुख मार्गो से निकाला गया। रास्ते में बाइक व अन्य वाहनों से जा रहे लोगों से पूछताछ की तथा वाहन के कागज चेक किए। तीन सवारी बैठाने पर उनकी अच्छी तरह खबर ली। सीओ मोहम्मद रिजवान के नेतृत्व में निकाले गए मार्च के दौरान चेतावनी दी गई कि गाइड लाइन की अनदेखी करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।