बाजारों में उमड़ी भीड़, जगह-जगह लगा जाम
सहारनपुर। धनतेरस सहित अन्य त्योहारों के लिए शहर के प्रमुख बाजारों में भीड़ के कारण बृहस्पतिवार को भी दिनभर जाम के हालात बने रहे। रूट डायवर्जन लागू करने और चार पहिया वाहनों के प्रमुख बाजारों में प्रवेश बंद करने के बावजूद ग्राहकों से लेकर राहगीर तक जाम से जूझते रहे। ज्यादातर जाम बाजारों में दुकानदारों और अन्य लोगों की ओर से सड़क पर लगाए गए स्टॉल और सामान रखने के कारण लगा। डीएम अखिलेश सिंह और एसएसपी डॉ. एस चनप्पा ने भ्रमण कर दुकानदारों को अतिक्रमण न करने की चेतावनी दी।
कड़े निर्देशों के बाद भी हुई मनमानी
त्योहारों पर भीड़ को नियंत्रित करने के लिए रूट डायवर्जन के साथ ही चार पहिया वाहनों का घंटाघर से नेहरू मार्केट, चौकी सराय सहित आसपास के बाजारों में प्रवेश बंद किया गया। इसके बावजूद ऐसे वाहन बाजार में नजर आए। यह भी पता चला कि ऐसे अधिकतर वाहन इन बाजारों के दुकानदारों के ही रहे।
इन स्थलों पर अधिक जाम रहा
शहर के कोर्ट रोड, जामा मस्जिद, नेहरू मार्केट, नया बाजार, कक्कड़गंज, मोरगंज, दाल मंडी पुल, सराफा बाजार, शहीद गंज, रायवाला, रानी बाजार, शारदानगर, रौनक बाजार, खलासी लाइन आदि।
कोर्ट रोड पर रहे सबसे अधिक वाहन
पुराने बाजारों में बड़े वाहनों की बंदिशों के कारण ज्यादातर चार पहिया वाहन कोर्ट रोड पर नजर आए। इसके चलते दोपहर बाद यहां जाम बढ़ता चला गया। कलक्ट्रेट से दीवानी तिराहे तक जाम नियंत्रित करने में यातायात पुलिस को सबसे अधिक मशक्कत करनी पड़ी। डीएम और एसएसपी ने कोर्ट रोड पर पार्श्वनाथ प्लाजा, चंद्रनगर पुलिस चौकी, दिवानी तिराहा, एसबीआई शाखा और कलक्ट्रेट के सामने चेकिंग की। दुकानदारों को अतिक्रमण न करने की चेतावनी दी।
सहारनपुर के कोर्ट रोड़ त्योहारो पर सड़को जाम व सुरक्षा को लेकर पैदल मार्च करते डीएम एसएसपी- फोटो : SAHARANPUR
नेहरू मार्केट व प्रताप मार्केट कार की रोक के बाद बाजारो में घूमती कारे- फोटो : SAHARANPUR