- सात करोड़ 12 लाख रुपये से खरीदे जाएंगे चिकित्सीय उपकरण
- पचास बिस्तर का बनेगा क्रिटिकल केयर सेंटर
संवाद न्यूज एजेंसी
सरसावा। राजकीय मेडिकल कॉलेज में गंभीर मरीजों के इलाज के लिए जल्दी ही 16.62 करोड़ रुपये की लागत से क्रिटिकल केयर सेंटर की स्थापना होने जा रही है। शासन ने योजना को स्वीकृति देते हुए निर्माण राशि भी अनुमोदित कर दी है।
राजकीय मेडिकल कॉलेज पिलखनी में बेहतर चिकित्सीय सुविधा बढ़ाते हुए सरकार ने बड़ी सौगात दी है। प्राचार्या डॉ. संगीता अनेजा ने बताया कि प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर मिशन के अंतर्गत शासन ने राजकीय मेडिकल कॉलेज में क्रिटिकल केयर सेंटर निर्माण की योजना को मंजूरी दे दी है। 50 शैय्या का क्रिटिकल केयर सेंटर मेडिकल कॉलेज के साथ-साथ पूरे जिले की चिकित्सीय सुविधाओं में भारी बढ़ोतरी करेगा। प्राचार्या ने बताया कि मेडिकल कॉलेज के मुख्य द्वार के समीप ऑडिटोरियम के सामने एक बड़े भूखंड का चयन कर शासन को प्रस्ताव भेजा गया था जिसको शासन ने स्वीकृत कर दिया है। क्रिटिकल केयर सेंटर बनने से आईसीयू शैय्या में भारी बढ़ोतरी होगी।
इस क्रिटिकल केयर सेंटर में आधुनिकतम पोर्टेबल एक्स-रे मशीन, डिजिटल एक्स-रे मशीन तथा स्वचालित आईसीयू बेड भी उपलब्ध होंगे। प्राचार्य ने कहा कि चिकित्सीय सुविधाएं कम होने के कारण क्रिटिकल मरीज को अधिकतर रेफर किया जाता है परंतु क्रिटिकल केयर सेंटर का निर्माण होने के पश्चात रेफर की संख्या कम हो जाएगी।
50 शैय्या के क्रिटिकल केयर सेंटर के निर्माण के लिए शासन ने 16 करोड़ 62 लाख 54 हजार रुपए के बजट को अनुमोदित कर दिया है। क्रिटिकल केयर सेंटर में आधुनिकतम चिकित्सीय उपकरणों की खरीद के लिए सात करोड़ 12 लाख रुपए के बजट को अलग से मंजूरी दी गई है। क्रिटिकल केयर सेंटर चार मंजिला भवन होगा। जिसमें प्रथम तल सहित चार मंजिल भवन बनाया जाएगा एवं पार्किंग की सुविधा अलग से होगी। 4159 स्क्वायर मीटर क्षेत्रफल फैलाव में क्रिटिकल केयर सेंटर बनाया जाएगा। शासन द्वारा क्रिटिकल केयर सेंटर के निर्माण के लिए उत्तर प्रदेश समाज कल्याण निर्माण निगम लिमिटेड को कार्यदायी संस्था नामित किया है।