सहारनपुर जिला अस्पताल में बीच बचाव कराते लोग।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
सहारनपुर जिला अस्पताल में उस समय भगदड़ मच गई, जब साइकिल स्टैंड पर रसीद नहीं देने पर तीमारदारों और स्टैंड संचालक के बीच झगड़ा हो गया। दोनों ओर से एक दूसरे पर पथराव किया, जिसमें आधा दर्जन लोग घायल हो गए।
इस दौरान मौके पर मौजूद अन्य लोगों में भगदड़ मच गई। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची थाना जनकपुरी पुलिस ने चार लोगों को हिरासत में लिया। जबकि बाकी आरोपी भाग निकले।
बुधवार की सुबह गांव दाबकी के कुछ युवक अपने मरीज को देखने जिला अस्पताल पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि युवकों ने स्टैंड पर बाइक खड़ी करने के 15 रुपये स्टैंड संचालन को चुकाए और इसके बाद रसीद की मांग की।
आरोप है कि स्टैंड संचालक ने रसीद देने से मना कर दिया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। देखते ही देखते दोनों पक्ष हाथापाई पर उतर आए। जिसके बाद दोनों ओर से एक दूसरे पर ईंटें फेंकी गई।
जिसमें दोनों पक्ष के करीब आधा दर्जन लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने चार आरोपियों को हिरासत में लिया। जनकपुरी थाना प्रभारी ने बताया कि किसी भी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं मिली है। यदि तहरीर आती है तो कार्रवाई की जाएगी।