सहारनपुर जनपद के बेहट क्षेत्र में कोतवाली पुलिस ने खनिज सामग्री से लदे दो वाहनों को पकड़ लिया। इस दौरान पुलिस ने तीन लोगों को भी गिरफ्तार किया गया है।
खनिज से लदा एक डंपर (ट्रक) गांव शेखपुरा से पकड़ा गया। उसके चालक के पास खनिज से संबंधित प्रपत्र नहीं थे। पुलिस ने चालक रोशन पुत्र बहादुर व हेल्पर तनसीर पुत्र गालिब निवासी गांव दुमझेड़ा थाना चिलकाना को गिरफ्तार कर लिया, जबकि डंपर मालिक मो. शमी निवासी गांव महेश्वरी थाना देहात कोतवाली मौके से भाग निकला। इसके अलावा लोदीपुर गांव के पास से एक ट्रैक्टर-ट्रॉली पकड़ी गई। उसमें भी बिना रायल्टी के खनिज लाया जा रहा था। पुलिस ने उसके चालक मनव्वर पुत्र जावेद निवासी टोडरपुर थाना चिलकाना को गिरफ्तार कर लिया है। बेहट कोतवाली प्रभारी किरनपाल सिंह ने बताया कि इन दोनों मामलों में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
यह भी पढ़ें: मर्डर की तस्वीरें: सराफ को दिनदहाड़े चाकू से गोदकर मार डाला, सामने आई अनैतिक संबंध की बात, खौफनाक है वारदात
ग्रामीण रास्तों पर दौड़ रहे खनिज से लदे वाहन
बेहट क्षेत्र में खनिज सामग्री से लदे वाहनों का अवैध परिवहन व्यापक स्तर पर किया जा रहा है। देहात के रास्तों से आधी रात के बाद रायल्टी के बिना ही खनिज सामग्री से लदे वाहन निकाले जा रहे हैं। इससे सरकार को राजस्व की हानि हो रही है।
यह भी पढ़ें: भयावह हादसे की दर्दनाक तस्वीरें: पलभर में चकनाचूर हुआ दरोगा बनने का सपना, एक झटके में चार की मौत, उजड़ गया परिवार