सहारनपुर में मुर्गी और बत्तख दिखाने के बहाने पड़ोसी, पांच साल की बच्ची को एक धार्मिक स्थल की छत पर ले गया और वहां उसके साथ दुष्कर्म किया। बच्ची किसी प्रकार घर पहुंची और परिजनों को बताया।
हालत बिगड़ने परिवार के लोगों ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। शुक्रवार की रात लगभग साढ़े आठ बजे मंडी कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ला निवासी व्यक्ति की पांच साल की बेटी अपनी गली की ही दुकान से कुछ सामान लेने के लिए गई।
उसी समय धार्मिक स्थल से एक युवक निकला। बच्ची को अकेला देख उसने उसे अपने पास बुलाया तथा मुर्गी और बत्तख दिखाने का लालच देकर उसे अपने साथ धार्मिक स्थल की छत पर ले गया। वहां युवक ने मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म किया।
बच्ची किसी प्रकार अपने घर पहुंची और परिजनों को घटना के बारे में जानकारी दी। जिस पर परिजनों के होश उड़ गए। बच्ची की हालत खराब होने पर परिजनों ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
इस मामले में बच्ची की मां ने मंडी कोतवाली में आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई। एसएसपी सुभाष चंद दुबे ने बताया कि दुष्कर्म की घटना की जानकारी मिलते ही उन्होंने आरोपी की तुरंत गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
शनिवार को सुबह लगभग 11 बजे पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर दुष्कर्म के आरोपी को अरबी मदरसे के पास से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम 18 वर्षीय मो. सुहेल निवासी मोहल्ला ठठेरो वाली गली बताया।
पुलिस पूछताछ में उसने बताया कि उसने मुर्गी और बत्तख दिखाने के बहाने धार्मिक स्थल की छत पर ले जाकर बालिका के साथ दुष्कर्म किया। पुलिस ने आरोपी को दुष्कर्म एवं पोक्सो अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जेल भेज दिया है।