बेहट पुलिस द्वारा तस्करों के कब्जे से मुक्त कराया गया गोवंश।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
पड़ोसी राज्य हरियाणा से बड़ी संख्या में गोवंश लेकर आ रहे दो तस्करों को पुलिस ने ग्रामीणों की सूचना पर उसंड़ गांव के पास गांगरोह नदी में पकड़ लिया। तस्करों के कब्जे से 68 जिंदा गोवंश को मुक्त कराया गया, जिन्हें उसंड गांव के प्राथमिक विद्यालय में पुलिस सुरक्षा में रखा गया है। पकड़े गए आरोपियों समेत तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है।
शनिवार की दोपहर में करीब दो बजे कोतवाली पुलिस को कुछ ग्रामीणों ने सूचना दी कि दो तस्कर गांव उसंड़ के पास गांगरोह नदी के रास्ते से बड़ी संख्या में गोवंश लेकर आ रहे है। सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से दोनों तस्करों को गांगरोह नदी में धर दबोचा।
उनके कब्जे से 68 जिंदा गोवंश मुक्त कराया गया, जिनमें सांड, गाय, बैल व बछड़े शामिल है। पुलिस ने मुक्त कराए गए गोवंश को गांव उसंड के प्राथमिक विद्यालय में पुलिस सुरक्षा में रखा है, जबकि दोनों तस्करों को पुलिस कोतवाली ले आई।
एसआई लोकेंद्र राणा ने तस्करों के हवाले से बताया कि गोवंश हरियाणा के खिजराबाद से लेकर आ रहे थे, जिन्हें थाना फतेहपुर गांव खुजनावर पहुंचाना था। तस्कर अली अहमद पुत्र लालद्दीन गांव पिलौड़ी, थाना माजरा, जिला सिरमोर (हिमाचल प्रदेश) व सलामुद्दीन पुत्र फतिया गांव चाणचक, थाना सढ़ौरा, जिला यमुनानगर (हरियाणा) समेत हरियाणा के थाना खिजराबाद के गांव कासनी निवासी कुर्बान पुत्र काला के खिलाफ गोवंश निवारण अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई है।