सहारनपुर के लखनौती में मामूली पर बुधवार को एक ही समुदाय के दो पक्षों में खूनी संघर्ष हो गया। दोनों ओर से एक दूसरे पर लाठी-डंडो, धारदार हथियारों से हमला किया गया। जमकर भी फायरिंग की गई। इससे गांव में अफरा तफरी मच गई।
फायरिंग में दो लोगों की गोली लगने से मौत हो गई जबकि करीब 15-16 लोग घायल हो गए। सभी घायलों को जिला अस्पताल भरती कराया गया है। तनाव के मद्देनजर पीएसी तैनात कर दी गई। डीएम और कप्तान ने भी गांव पहुंच स्थिति की जानकारी ली।
गंगोह कोतवाली क्षेत्र के गांव लखनौती के मोहल्ला कुरैशियान निवासी वासिद बुधवार सुबह अपनी कार रास्ते में रोके खड़ा हुआ था। उसी समय वहां से इसी मोहल्ले का इमरान कुरैशी अपनी भैंस लेकर निकल रहा था।
बराबर से निकलते समय भैंस मामूली रूप से गाड़ी से लग गई। इस पर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। उस समय तो कुछ लोगों ने बीच में आकर मामला शांत कर दिया। कुछ देर बाद ही दोनों ओर से काफी संख्या में लोग आमने-सामने आ गए।
इसी बीच दोनों पक्षों की ओर से पथराव और फायरिंग शुरू हो गई। सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और उसने लाठियां फटकार कर दोनों पक्षों को वहां से भगा दिया। इसके बाद पुलिस गांव से वापस चली गई।
इसके कुछ देर बाद ही दोनों पक्षों के बीच फिर से कहासुनी हो गई तो कोतवाल विंध्याचल तिवारी ने एक बार फिर मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों को शांत किया। एहतियात के तौर पर वहां पुलिस बल तैनात कर दिया।
बताया जाता है कि मामला शांत समझ कर पुलिस बल शाम चार बजे जैसे ही वहां से हटा तो दोनों पक्षों की ओर से फिर फायरिंग शुरू हो गई। फायरिंग में भूरा, सोनू, जावेद, मुस्तकीम, वासिद, शहजाद, शाहनवाज, नासिर, फिरोज, अनीस, अनस, मोहसिन, सुहेब, नाजिम, परवेज, नादिर, शोजिब, कादिर, मेहरबान आदि घायल हो गए।
घायलों को गंगोह सीएचसी पहुंचाया गया जहां से सभी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। वहां उपचार के दौरान एक पक्ष के 50 वर्षीय भूरा पुत्र मोहम्मद और दूसरे पक्ष के 20 वर्षीय सोनू पुत्र शफीक की मौत हो गई। जबकि अन्य घायलों में से कई की हालत गंभीर है।