सहारनपुर के देवबंद में खेड़ा मुगल क्षेत्र में रविवार को हथियारबंद बदमाशों ने एक फाइनेंस कंपनी के कर्मचारी को तमंचों से आतंकित कर पौने लाख रुपये लूट लिए और फरार हो गए।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने कांबिंग करते हुए चेकिंग अभियान भी चलाया लेकिन बदमाशों का कोई सुराग नहीं लग सका। लक्सर निवासी रोहित रुड़की की जनलक्ष्मी फाइनेंस कंपनी में नौकरी करता है।
रविवार को रोहित देवबंद के खेड़ा मुगल क्षेत्र में लोन की वसूली करने आया था। दोपहर में वह वसूली करके बाइक से रुड़की लौट रहा था। जब वह बीरपुर मार्ग से होकर गुजरने लगा तो इसी दौरान दो बाइकों पर सवार होकर आए छह बदमाशों ने रोहित को घेर लिया और तमंचे दिखाकर रोक लिया। बदमाश उससे लूटपाट करने लगे।
रोहित की बाइक पर बैग रखा था जिनमें पौने तीन लाख रुपये बताए गए हैं। बदमाशों ने रोहित से उक्त बैग लूट लिया और फरार हो गए। बदमाश पल्सर और अपाची बाइक पर सवार थे। बाद में रोहित ने वारदात की सूचना खेड़ा मुगल पुलिस चौकी में दी।
जिसके बाद हरकत में आई पुलिस ने आला अधिकारियों को घटना से अवगत कराया। साथ ही उत्तराखंड पुलिस को भी सूचना दी गई। सीओ योगेंद्रपाल सिंह और कोतवाल बिजेंद्र सिंह यादव पुलिस के साथ घटनास्थल पर पहुंचे तथा बदमाशों की तलाश में जंगलों में घंटों कांबिंग की।
साथ ही क्षेत्र में चेकिंग अभियान भी चलाया। लेकिन बदमाशों का कोई सुराग नहीं लग सका। कोतवाल ने बताया कि मंगलौर पुलिस को साथ लेकर कांबिंग की जा रही है। पीड़ित फाइनेंसकर्मी ने रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तहरीर दी है।