थाना सदर क्षेत्र की हसनपुर चौकी के ठीक सामने शनिवार तड़के चोरों ने एक मेडिकल स्टोर का शटर उखाड़ दिया और कुछ दवाएं चोरी करके ले गए। हालांकि कोई बड़ा नुकसान तो नहीं हुआ, लेकिन चौकी के सामने हुई वारदात से दुकानदारों में गुस्सा है।
शहर के शिव विहार निवासी राजेंद्र कुमार की सहारनपुर दिल्ली हाईवे पर हसनपुर चौकी के ठीक सामने ही स्वाति मेडिकल स्टोर के नाम से दुकान है। बताया गया कि शनिवार तड़के चार या पांच बजे के आसपास ही कुछ चोरों ने दुकान का शटर उखाड़ दिया। चोर कुछ दवाएं चोरी कर ले गए।
हालांकि कोई ज्यादा नुकसान नहीं हुआ। दिल्ली रोड पर सुबह के समय मार्निंग वॉक पर कुछ लोगों के गुजरते है और सामने चौकी के डर से शायद चोर जल्द ही वहां से निकल गए। नहीं तो बड़ा नुकसान हो सकता था।
मेडिकल स्टोर स्वामी राजेंद्र कुमार ने बताया कि आसपास के कुछ लोगों ने शटर उखाड़ने की सूचना दी थी। चौकी प्रभारी संजीव कुमार यादव ने कहा कि मेडिकल स्टोर का शटर तो कुछ उखाड़ा गया था, लेकिन चोरी नहीं हो सकी।
बता दें कि इससे पहले कोर्ट रोड पर भी फुटवियर शोरूम में भी शटर उखाड़कर चोरी की गई थी।