सहारनपुर के देवबंद में ट्रेन से मुजफ्फरनगर जा रही दो बहनों में से एक अचानक गाड़ी से कूद गई। इस दौरान दूसरी बहन ने शोर मचाया तो ड्राइवर ने ट्रेन को रोक दिया। बाद में पहुंची पुलिस ने घायल युवती को सीएचसी में भर्ती कराया। यहां से उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
नगर के मोहल्ला पठानपुरा बेरियान निवासी रियासत अली की दो बेटियां फरहा और फरदीन बृहस्पतिवार सुबह करीब 10.30 बजे मुजफ्फरनगर जाने के लिए किसी ट्रेन में सवार हुई थी।
ट्रेन स्टेशन से चलकर गुनारसा रेलवे फाटक के पहुंची ही थी कि अचानक फरहा चलती ट्रेन से नीचे कूद गई। इस दौरान फरदीन ने चीखना-चिल्लाना शुरू कर दिया।
इंजन से पिछले वाले डिब्बे में सवार होने के कारण ट्रेन के ड्राइवर ने चीख पुकार सुनकर ट्रेन के ब्रेक लगा दिए। इसके बाद पुलिस को घटना की सूचना दी गई। जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रुप से घायल फरहा को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया।
लेकिन चिकित्सकों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। इस दौरान जानकारी मिलने पर उसके परिजन भी अस्पताल पहुंच गए थे। कुछ लोगों से पता चला कि घर में हुई कहासुनी से नाराज होकर दोनों मुजफ्फनगर जा रहीं थीं। रास्ते में फरहा ने आत्महत्या का प्रयास किया। हालांकि पुलिस का कहना है कि अभी पूछताछ की जा रही है।