सहारनपुर के रामपुर मनिहारान में कच्ची शराब की गांव में बिक्री व कसीदगी के खिलाफ नंदपुर की महिलाओं ने बुधवार को तहसील पहुंचकर प्रदर्शन किया।
महिलाओं ने एसडीएम से गुहार लगाई कि वे गांव में इस धंधे को करने वालों पर अंकुश लगवाएं ताकि उनके बच्चे नशे की गर्त में जाने से बच सके । ग्राम प्रधान महिपाल सैनी की अगुवाई में काफी संख्या में महिलाएं तहसील पहुंची।
यहां उन्होंने कच्ची शराब का धंधा करने वालों एवं पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। महिलाओं का कहना था कि गांव में बेखौफ कच्ची शराब बेचने एवं कसीदगी करने का कारोबार चल रहा हैं। इससे गांव के बच्चे तक नशे की लत का शिकार हो रहे हैं।
महिलाओं का कहना था कि गांव में नशे की हालत में कई युवक आग लगाकर आत्महत्या का प्रयास कर चुके हैं। महिलाओं ने एसडीएम हीरालाल यादव के समक्ष पुलिस पर खुलेआम आरोप लगाया है कि शिकायत करने पर गांव आने वाले पुलिस कर्मी बिना कार्रवाई लौट जाते हैं।
एसडीएम ने कहा कि उनके द्वारा दिए गए शिकायती पत्र में जो नाम हैं जांच कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए सीओ व थानाध्यक्ष को पत्र भेजा जा रहा है।
प्रदर्शन करने वालों में राजदुलारी, सुरती, मिमला, शिक्षा, ओमबती, चंद्रवती, सुल्तानी, सवीता, सुलोचना, केला, उर्मिला, मुन्नी आदि शामिल रही।