सहारनपुर के छुटमलपुर में चार मार्च को हुई पंचायत में युवक से अभद्रता का मामला अभी शांत भी नहीं हुआ कि बिहारीगढ़ के सुंदरपुर में हुई एक और पंचायत ने सनसनी फैली दी। इस पंचायत में छेड़छाड़ के आरोपी का मुंह काला कर जूतों की माला पहनाई गई।
उसके बाल कटवाकर उससे दस हजार रुपये का जुर्माना भी वसूला गया। इसके बाद उसे एक साल के लिए गांव से निष्कासित कर दिया गया। पंचायत की इस करतूत का वीडियो वायरल होते ही पुलिस हरकत में आई और पीड़ित के चाचा की तहरीर पर पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
बिहारीगढ़ थाना क्षेत्र के गांव सुंदरपुर में पांच मार्च को गांव की एक महिला के साथ छेड़छाड़ का आरोप यहीं के रहने वाले साजिद पर लगा था। महिला के परिजनों ने थाने में तहरीर दी, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद छह मार्च को इस मामले में पंचायत बुलाई गई।
पंचायत में आरोपी युवक 30 वर्षीय साजिद को भी बुलाया गया। इसमें उसका मुंह काला करने के साथ ही जूतों की माला पहनाई गई। उसके बाल कटवाए और दस हजार रुपये का जुर्माना भी वसूला। इसके बाद उसे एक साल के लिए गांव से निष्कासित करने का फरमान सुना दिया गया।
इसके बाद साजिद गांव छोड़ कर चला गया और डर से अभी तक थाने भी नहीं पहुंचा है। पंचायत के दौरान किसी ग्रामीण ने इस पूरी अमानवीय हरकत की वीडियो बना ली और सात मार्च की रात इसे वायरल कर दिया।
मामला पुलिस अधिकारियों के संज्ञान में आने के बाद बिहारीगढ़ पुलिस से पूछताछ हुई तो हड़कंप मच गया। इसके बाद पीड़ित साजिद की तलाश हुई। बृहस्पतिवार की सुबह पीड़ित के चाचा सलीम ने थाने पहुंचकर गांव के ही अजय, नाथी राणा, बुंदु अली, जोनी और गौतम सिंह के खिलाफ तहरीर दी।
इस पर रिपोर्ट दर्ज करते हुए पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। मामले की जांच कर रहे एसएसआई सुदेश कुमार ने बताया कि आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्हें जेल भेजा जा रहा है।
प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र कुमार ने बताया कि साजिद अपनी ससुराल में है। पुलिस उससे संपर्क कर वापस गांव लाएगी और उसकी सुरक्षा की पूरी जिम्मेदारी ली जाएगी। वहीं महिला की शिकायत के बारे उन्होंने कहा कि वह थाने आई थी, लेकिन जांच में मामला सही नहीं पाया गया था।