सहारनपुर के देवबंद में शादी की चिट्ठी लेकर आए दो लोगों द्वारा महिला के साथ बलात्कार किए जाने के मामले में पुलिस ने अदालत के आदेश पर दोनों आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है।
कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला ने एसीजेएम के यहां वाद दायर कर बताया था कि विगत 10 अक्तूबर को अंबहेटा मोहन निवासी सालिम और कुटेसरा चरथावल निवासी भूरा शादी की चिट्ठी लेकर आए थे।
देर होने के कारण में वे रात में उसी के यहां रुक गए। आरोप है कि रात में करीब एक बजे दोनों लोग उसके कमरे में घुस आए तथा कमरा बंद करते हुए उसे दबोच लिया।
उसने शोर मचाना चाहा तो दोनों ने उसकी पिटाई की तथा जान से मारने की धमकी देकर उसे अपनी हवस का शिकार बनाया। महिला का आरोप है कि जब वह 11 अक्तूबर को पुलिस के पास शिकायत लेकर पहुंची तो पुलिस ने उसकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की।
पुलिस ने मंगलवार को अदालत के आदेश पर दोनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।