फतेहाबाद पुलिस ने अवैध हथियारों पर शिकंजा कसते दो अलग-2 जगहों से गुप्त सूचना पर नाकाबंदी करके 2 अवैध पिस्तौल और 5 जिंदा कारतूस सहित 4 युवकों को काबू करने में सफलता हासिल की है। सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित थाना में आर्म्स एक्ट के तहत दो अलग-2 मामले दर्ज किए गए हैं। पुलिस अब इन आरोपियों को रिमांड पर लेकर ये पूछताछ करेगी कि आखिर इन युवकों का मकसद क्या था।
पुलिस प्रवक्ता विनोद कुमार ने बताया कि पुलिस ने गुप्त सूचना पर थाना सदर फतेहाबाद पुलिस के प्रधान सिपाही कुलदीप सिंह की टीम गांव बड़ोपल में नाकाबंदी करके सतवीर सिंह को काबू करके उसके कब्जे से 315 बोर अवैध पिस्तौल बरामद करने में सफलता हासिल की है।
दूसरी तरफ थाना भट्टू कलां के प्रधान सिपाही संदीप कुमार की टीम ने गांव भट्टू कलां में नाकाबंदी करके मीरनाल निवासी सिंगवा जिला हिसार, कुलदीप सिंह निवासी माडल टाउन हिसार और रोहित निवासी नजदीक महावीर मंदिर रोहतक को काबू करके इनके कब्जे से 32 बोर की अवैध पिस्तौल, पांच कारतूस और उनके कब्जे से एक कार एचआर-20एसी-2009 को भी बरामद करने में सफलता हासिल की है।
आरोपी कुलदीप और अन्य के खिलाफ थाना सदर फतेहाबाद में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया तथा आरोपी मीरनाल सहित उक्त तीनों आरोपियों पर थाना भट्टू कलां मे आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। सभी आरोपियों को आज कोर्ट मे पेश करके पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा।