सहारनपुर के गंगोह कोतवाली पुलिस ने अंतर राज्यीय वाहन चोर गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है। उनकी निशानदेही पर छापामारी कर चोरी की 17 बाइक बरामद की है।
छापामारी की भनक लगते ही गिरोह के दो अन्य सदस्य फरार हो गए। आरोपियों का चालान कर दिया गया है। एसएसपी के निर्देश पर पुलिस ने वाहन चोरों को पकड़ने के लिए सादी वर्दी में आरक्षियों और मुखबिरों का जाल बिछाया था।
मंगलवार को चोरों ने पंजाब नेशनल बैंक के बाहर से गांव बंदाहेड़ी निवासी अनिल कुमार की बाइक चोरी कर ली। सूचना मिलते ही कोतवाल यशपाल धामा ने टीमों को बाइक की तलाश में दौड़ा दिया।
शाम को लखनौती रोड पर पशु पैठ के समीप से पुलिस ने गांव मोहनपुरा निवासी अभिषेक उर्फ सोनू को अनिल कुमार की चोरी की गई बाइक के साथ पकड़ लिया। पुलिस उसे कोतवाली ले आई। पूछताछ में उसने अपने साथियों के साथ मिलकर बाइक चोरी करना स्वीकार कर लिया।
उसकी निशानदेही पर छापामारी कर उसके घर से चार, उसके साथी मोहल्ला गुजरान निवासी राजा के घर से तीन, मोहनपुरा निवासी करण सिंह से एक, रामपुर मनिहारन के गांव सलेमपुर निवासी सचिन से एक, गांव सलारपुरा निवासी पुष्पेंद्र के घर से चार, अश्वनी के घर से तीन बाइकें बरामद की गई।
राजा, करण और पुष्पेंद्र को भी गिरफ्तार कर लिया गया जबकि सचिन और अश्वनी फरार हो गए। यह बाइक क्षेत्र के अलावा हरियाणा, पंजाब और उत्तराखंड के विभिन्न जिलों से चोरी करना बताई गई है। चारों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।
पुलिस टीम में एसआई अनिल कुमार, एस आई तेजवीर सिंह, कांस्टेबल ज्ञानवीर, शमीम, प्रमोद कुमार, दीपक, मुकेश, बलराम और रवि कुमार शामिल रहे। एसपी ट्रैफिक ओमबीर ने पुलिस लाइन में पत्रकार वार्ता की। उन्होंने वाहन चोर गिरोह को पकड़ने वाली पुलिस टीम के काम की सराहना की।