शब्बीरपुर में पांच मई को हुए बवाल में मास्टर माइंड ग्राम प्रधान शिव कुमार को माना है। पुलिस का दावा है कि उसी के उकसावे पर दलितों ने डीजे बजाते हुए महाराणा प्रताप जयंती के कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे राजपूतों का विरोध किया था। उसे एसआईटी ने चंदपुर मार्ग से गिरफ्तार कर देवबंद कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
बता दें, गत पांच मई को महाराणा प्रताप जयंती पर गांव शिमलाना में कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा था। इसमें डीजे बचाते हुए शब्बीरपुर से जा रहे राजपूत समाज के लोगों पर पथराव हो गया था। एक राजपूत युवक सुमित की मौत के बाद गांव में संघर्ष हो गया था। भड़के राजपूत समाज के युवकों ने दलितों के घरों और बिटौड़ों में आग लगा दी थी।
आरोप है कि दलित समाज के लोगों पर धारदार हथियारों से हमला भी किया गया। इस घटना के बाद सहारनपुर जातीय हिंसा की आग में जल उठा था। पुलिस का मानना है कि ग्राम प्रधान शिवकुमार ने ही दलितों को उकसाकर महाराणा प्रताप जयंती समारोह में डीजे लेकर शामिल होने जा रहे युवकों पर हमला कराया और अशांति का माहौल पैदा किया था।