गांव दराआली बैरून में धर्मस्थल को लेकर दो समुदायों के बीच विवाद की वजह से तनाव बना हुआ है। डीएम से शिकायत करने पहुंचे पीड़ित पक्ष के लोगों ने दूसरे समुदाय के लोगों पर पूजा स्थल पर दीवार बनाने का आरोप लगाया है। साथ ही पूजा स्थल को खुर्दबुर्द किए जाने की आशंका भी जताई। उन्होंने डीएम से पूजा स्थल को बचाने की गुहार लगाई।
कलक्ट्रेट पहुंचे विनोद सैनी, प्रवीण सैनी, बाबूराम सैनी, प्रेम सिंह, गुलशन कुमार ने बताया कि दराआली बैरून गांव में उनके खेत थे, जिनमें सती स्थल बना हुआ है, जो अभिलेखों में भी दर्ज है। सती स्थल पर वह और उनसे पहले के लोग पूजा करते आ रहे हैं। बताया कि वह सती स्थल के आसपास की अपनी जमीनें बेच चुके हैं मगर सती स्थल पर पूजा करना जारी है।
आरोप है कि स्थल के आसपास बसे दूसरे समुदाय के लोगों ने सती स्थल की जमीन पर दीवार बना ली है और अब वह उस स्थल को खुर्दबुर्द कर वहां समतल करना चाहते हैं। इसकी वजह से सैनी समाज में रोष है। शिकायत कर्ताओं ने आशंका जताई है कि यदि समय रहते पुलिस और प्रशासन ने कोई कदम नहीं उठाया तो दोनों पक्ष के लोगों को जान और माल की हानि हो सकती है।
उन्होंने डीएम से सती स्थल पर किए गए अवैध निर्माण को ध्वस्त कराते हुए बचाने की मांग की। साथ ही चारदीवारी कर उसे सुरक्षित बनाने की मांग भी की गई है, जिससे भविष्य में कोई विवाद न हो।
शिकायत करने के लिए पहुंचने वालों में चेतराम, परशुराम, अशोक, सविन, रमेश, अजय, सतीश, नरेश, कलावती, सरला सैनी, ब्रिजेश, ममता, सरोज, राजकुमार, किशन लाल, प्रताप कुमार, सुनील, दुर्गादास आदि शामिल रहे।
डेरा सच्चा सौदा के सेवादार से मारपीट ः नानौता। डेरा सच्चा सौदा के नाम चर्चा घर पर चार लोग सेवादार के साथ मारपीट करते हुए गैस सिलेंडर को उठा कर फरार हो गए। ग्राम हिमामपुर में डेरा सच्चा सौदा का नाम चर्चा घर है। जिस पर थाना रामपुर मनिहारान के ग्राम इस्लामनगर निवासी अरविंद्र सेवादार के रूप में रह कर सेवा करता है।
रविवार की देर शाम दो बाइकों र सवार चार युवक आए और सेवादार से मारपीट करने लगे। सेवादार की चीख पुकार सुनकर लोग दौडे़ तो युवक वहां से गैस सिलेंडर उठाकर फरार हो गए। पीड़ित सेवादार ने थाने पर तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।