सहारनपुर के गागलहेड़ी में शुक्रवार रात को लापता हुई किशोरी का शव शनिवार सुबह गांव के तालाब में मिला। किशोरी की मौत की सूचना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को तालाब से निकालकर पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परिजनों ने गांव के ही एक युवक पर हत्या का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है। आरोप है कि युवक किशोरी के पीछे पड़ा था और उसने विरोध करने पर उसकी हत्या कर दी। गागलहेड़ी थाने के गांव कैलाशपुर निवासी विनोद देहरादून में रहकर राज मिस्त्री का काम करता है जबकि उसका परिवार गांव में रह रहा है।
शुक्रवार रात नौ बजे उसकी 16 वर्षीय बेटी मुस्कान अचानक लापता हो गई। मुस्कान के भाई और मां ने उसे आस पड़ोस में काफी खोजा। लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल सका। शनिवार सुबह दस बजे पड़ोसियों ने उसका शव घर के पास ही स्थित तालाब में देखा तो उसके घर खबर की।
इसके बाद मुस्कान के परिजन तालाब के पास इकट्ठा हो गए और पुलिस को खबर की। मौके पर पहुंची पुलिस ने तालाब से शव को बाहर निकाला। किशोरी के गले पर निशान थे। पुलिस के अनुसार माना जा रहा है कि चुनरी से गला घोंटकर किशोरी का शव पानी में डाल दिया हो। पुलिस ने शव का पंचनामा भर कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मुस्कान के पिता विनोद ने बताया कि गांव का ही अनुज पुत्र मुकेश काफी समय से मुस्कान के पीछे लगा हुआ था। इसकी कई बार शिकायत मुस्कान ने अपने परिजनों से की थी। इस पर उन्होंने अनुज के परिजनों से बात कर उसे समझाने का अनुरोध किया था।
आरोप है कि अनुज ने मुस्कान का पीछा करना नहीं छोड़ा और अब उसकी हत्या कर दी। मुस्कान कक्षा नौ की छात्रा थी और गागलहेड़ी के राजकीय कन्या इंटर कालेज में पढ़ती थी। थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि पिता की तहरीर पर अनुज के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस कई पहलुओं पर जांच कर रही है। जल्द ही हत्याकांड का खुलासा कर दिया जाएगा।