सहारनपुर में एक मनचले की हरकतों ने बीए की छात्रा की जीना मुश्किल किया हुआ है। मनचले की धमकियों के कारण छात्रा के मन में हर समय किसी अनहोनी घटना का डर बना हुआ है। ऐसे में वह कॉलेज जाते हुए भी घबरा रही है।
मामला शहर के सबसे बड़े महाविद्यालय जेवी जैन कॉलेज से जुड़ा है। हैरत की बात यह है कि पीड़िता की शिकायत के बावजूद प्राचार्य की ओर से इस दिशा में कोई कदम नहीं उठाया गया है। आरोप है कि कॉलेज प्रशासन छात्रा को पुलिस से संपर्क करने की सलाह देकर अपना पल्ला झाड़ रहा है।
महीने भर से एक मनचला बीए की छात्रा का पीछा कर रहा है। पीछा करके परेशान करने के बाद मनचले ने किसी तरह छात्रा का मोबाइल नंबर भी पता लगा लिया है। पहले तो वह मेसेज कर छात्रा को प्रपोज कर दिया।
मगर छात्रा के कोई जवाब नहीं देने के बाद वह धमकियों पर उतर आया है। वह छात्रा को उसकी बात नहीं मानने पर नतीजा भुगतने की धमकियां दे रहा है। इसकी वजह से छात्रा टेंशन में है।
किसी अनहोनी के डर की वजह से वह अक्सर कॉलेज नहीं आती है या फिर अपनी सहेलियों के साथ आती है। मनचले की हरकतें कम न होने की वजह से परेशान छात्रा ने कॉलेज के कार्यवाहक प्राचार्य डॉ. अरविंद कुमार मित्तल से संपर्क किया।
इतना ही नहीं, छात्रा ने प्राचार्य को छात्र द्वारा भेजे गए मेसेज भी दिखाए। मगर कॉलेज की ओर से छात्रा की मदद के लिए अभी तक पुलिस से संपर्क नहीं किया गया है।
आरोप है कि कॉलेज प्रशासन छात्रा की मदद करने के बजाय उसे पुलिस से संपर्क करने की सलाह देकर अपना पल्ला झाड़ रहा है। इसके बाद से छात्रा और दहशत में है।
मनचलों को सबक सिखाने के लिए सरकार ने महिलाओं के लिए हेल्प लाइन नंबर 1090 जारी किया हुआ है। पुलिस अधिकारी अनेक कार्यक्रमों में महिलाओं को इस नंबर का इस्तेमाल करने की सलाह दे चुके हैं। मगर कम ही महिलाएं इसका इस्तेमाल कर रही हैं।
यदि आप महिला हैं और कोई व्यक्ति आपको परेशान कर रहा है तो आप 1090 नंबर डायल कर शिकायत दर्ज करा सकती हैं। पुलिस त्वरित कार्रवाई करेगी।