बदमाशों ने मंगलवार सुबह जमीन दिखाने गए किसान और उसके नौकर का अपहरण कर लिया। बदमाशों ने कुछ समय बाद ही गाजियाबाद में उसकी बहन की ससुराल फोन कर अपहरण किए जाने की जानकारी दी। बताया जा रहा है कि करोड़ों रुपये की फिरौती भी मांगी गई है। हालांकि पुलिस अभी इस बारे में स्पष्ट रुप से कुछ नहीं कह रही है।
अपहरण की सूचना से पुलिस अधिकारियों में हड़कंप मच गया। आनन फानन में डीआईजी व एसएसपी भी देवबंद पहुंचे और घटनास्थल का मुआयना करते हुए उन्होंने पीड़ित परिवार से पूछताछ की।
मोहल्ला कानूनगोयान निवासी अभिषेक जैन (32) पुत्र अनिल जैन की शुगर मिल से सटी करीब साढ़े बारह बीघा जमीन पड़ी हुई है। जिसे वह बेचना चाह रहा था। मंगलवार की सुबह 5 बजकर 35 मिनट पर किसी व्यक्ति ने फोन कर जमीन दिखाने को कहा। जिस पर अभिषेक इंद्रपुर गांव निवासी अपने नौकर अरुण के साथ स्कूटी पर सवार होकर जमीन दिखाने के लिए गया था। वहां जाने के बाद बदमाशों ने दोनों का अपहरण कर लिया।
उसके बाद 6.39 बजे अभिषेक के मोबाइल से गाजियाबाद में उसकी बहन नीरु के घर फोन कर अपहरण किए जाने की जानकारी दी गई। बताया गया है कि बदमाशों ने उन्हें छोड़ने के नाम पर करोड़ों रुपये की फिरौती भी मांगी है। अभिषेक के अपहरण की जानकारी मिलते ही उसके परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों से सूचना पाकर सीओ सुरेशपाल सिंह और इंस्पेक्टर विजय प्रकाश मय फोर्स घटनास्थल पर पहुंचे जहां उन्हें अभिषेक की स्कूटी खड़ी मिली।
पुलिस ने वहां जांच करते आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ की। इस दौरान जानकारी मिलने पर डीआईजी एके राघव व एसएसपी राजेंद्र प्रसाद यादव भी देवबंद पहुंच गए। जिन्होंने पहले घटनास्थल का मुआयना किया और बाद में अभिषेक जैन के घर जाकर उसके परिवार के लोगों से पूछताछ की। अधिकारियों ने तुरंत ही क्राइम ब्रांच, एसओजी और इंटेलीजेंस को काम पर लगा दिया है।
इंस्पेक्टर विजय प्रकाश ने बताया कि गाजियाबाद बहन के यहां फोन करने के बाद से ही अभिषेक का मोबाइल बंद आ रहा है। पुलिस उसके मोबाइल की लोकेशन ट्रेस कर रही है। साथ ही उन्होंने आशंका जताई की अपहरणकर्ताओं में देवबंद का एक बदमाश शामिल हो सकता है। करोड़ों रुपये की फिरौती मांग जाने के सवाल पर विजय प्रकाश ने कहा कि इस प्रकार की जानकारी मिल रही है, लेकिन पक्के तौर पर कुछ नहीं कहा जा सकता।
उन्होंने बताया कि इस मामले में अभिषेक के मेरठ सरधना निवासी मामा लोकेश जैन ने अपहरण की तहरीर दी है। पुलिस गंभीरता से मामले की जांच कर रही है।